जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सोमवार को एक बड़ा विमान हादसा हो गया। आरा पहाड़ियों के पास नारायणपुर क्षेत्र के रतनपहली जंगल में एक निजी (चार्टर्ड) विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, विमान पेड़ों से टकराने के बाद नीचे गिर गया, जिससे इलाके में आग लग गई और धुएं का गुबार उठता देखा गया। इस दर्दनाक हादसे में विमान के पायलट और को-पायलट की मौत की पुष्टि हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय विमान जमीन से करीब 30 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था।
जशपुर के एसएसपी लाल उमेद सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा ले रहे हैं। जिला प्रशासन के अनुसार, हादसे में कितने लोग सवार थे और हताहतों की संख्या कितनी है, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही की जाएगी। पहाड़ी और दुर्गम इलाका होने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी दिक्कतें आ रही हैं। प्रशासन ने क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।




