NationalTop News

जंतर-मंतर पर CJP का प्रदर्शन शुरू, सोनम वांगचुक भी हुए शामिल; शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का बहुप्रतीक्षित विरोध प्रदर्शन शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर शुरू हो गया। पेपर लीक और परीक्षा प्रणाली में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ आयोजित इस प्रदर्शन में सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक भी शामिल हो रहे हैं। प्रदर्शन का नेतृत्व CJP संस्थापक अभिजीत दीपके कर रहे हैं।

अभिजीत दीपके शनिवार सुबह अमेरिका के बोस्टन से दिल्ली पहुंचे। उन्होंने पहले संसद मार्ग पुलिस स्टेशन जाकर प्रदर्शन की अनुमति लेने की बात कही थी, लेकिन दिल्ली एयरपोर्ट पर ही पुलिस अधिकारियों से उनकी मुलाकात हो गई और उन्हें विरोध प्रदर्शन की अनुमति प्रदान कर दी गई।

अनुमति मिलने के बाद दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर समर्थकों को जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की। इसके बाद बड़ी संख्या में समर्थक प्रदर्शन स्थल की ओर रवाना हुए। दीपके ने पहले समर्थकों से दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने का आह्वान किया था, लेकिन बाद में सभी को सीधे जंतर-मंतर पहुंचने के लिए कहा। प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके ने नीट पेपर लीक विवाद और सीबीएसई से जुड़े कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाने की बात कही है।

प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने राजधानी में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। जंतर-मंतर से लेकर दिल्ली एयरपोर्ट तक सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस के अनुसार, छात्रों और आयोजकों से आवश्यक अंडरटेकिंग लेने के बाद प्रदर्शन की अनुमति दी गई। दिल्ली पुलिस ने सभी जिलों को प्रदर्शन के मद्देनजर सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। नई दिल्ली जिले में करीब 2,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। प्रशासन ने प्रदर्शनकारियों के साथ किसी भी तरह के टकराव से बचने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष जोर दिया है।

पुलिस ने राजधानी के विभिन्न हिस्सों में संभावित भीड़, यातायात बाधाओं और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों को देखते हुए सभी जिला और यूनिट डीसीपी को अलर्ट जारी किया है। जंतर-मंतर क्षेत्र को कई सुरक्षा जोनों में विभाजित किया गया है, जिनकी निगरानी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा की जा रही है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH