Top NewsUttarakhand

CM धामी की संवेदनशील पहल से 8 वर्षीय देव के इलाज की राह आसान, प्रशासन ने शुरू की उपचार की प्रक्रिया

चंपावत: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की संवेदनशील पहल से लोहियाहेड निवासी रवि शर्मा के 8 वर्षीय बेटे देव के उपचार की उम्मीद बढ़ी है। मुख्यमंत्री ने बच्चे के समुचित इलाज के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और उपचार में आने वाले खर्च को वहन करने के निर्देश दिए हैं।

दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी गत दिवस लोहियाहेड में स्थानीय व्यवसायी रवि शर्मा की दुकान पर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने वहां टिक्की खाई। बातचीत के दौरान रवि शर्मा ने मुख्यमंत्री को अपने बेटे देव की गंभीर स्वास्थ्य समस्या के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि देव बचपन से ही स्वास्थ्य संबंधी गंभीर परेशानी से जूझ रहा है और उसके हाथ-पैर काम नहीं करते हैं। परिवार लंबे समय से उसका उपचार करा रहा है। देहरादून के इंद्रेश अस्पताल में भी बच्चे का इलाज कराया जा चुका है।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर घर पहुंची चिकित्सकों की टीम

मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद सोमवार देर शाम जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसके गोस्वामी, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी और उपजिलाधिकारी तुषार सैनी समेत चिकित्सकों की टीम रवि शर्मा के लोहियाहेड स्थित आवास पहुंची।

ऑर्थो विशेषज्ञ चिकित्साधिकारी डॉ. एचएस ऐरी और मुख्य चिकित्साधिकारी ने बच्चे का स्वास्थ्य परीक्षण किया। टीम ने देव के पूर्व में कराए गए उपचार, मेडिकल हिस्ट्री और वर्तमान स्वास्थ्य स्थिति की भी जानकारी ली। चिकित्सकों ने आगे के उपचार के लिए सबसे पहले एमआरआई जांच कराने की सलाह दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद बच्चे के इलाज की अगली प्रक्रिया निर्धारित की जाएगी। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को बच्चे की एमआरआई जांच तत्काल कराने के निर्देश दिए हैं।

इलाज के लिए प्रशासन उपलब्ध कराएगा वाहन

जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चे और उसके अभिभावकों को जिला चिकित्सालय तक ले जाने के लिए प्रशासन की ओर से वाहन और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि देव के बेहतर उपचार में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए और उसके इलाज के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएं। मुख्यमंत्री की इस पहल से देव के परिवार को बेहतर इलाज की उम्मीद जगी है। परिवार ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिला प्रशासन का आभार जताते हुए इस मानवीय पहल के लिए धन्यवाद दिया।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH