मुंबई। महाराष्ट्र में सियासी संकट लगातार गहराता जा रहा है। खबर है कि शिवसेना के चार और विधायक आज गुवाहाटी पहुंच सकते हैं। इस बीच खबर है कि महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे कोरोना पॉजिटिव हो गए हैं। इससे पहले आज ही महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, उनको हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
इस बीच शिवसेना नेता संजय राउत ने भी ट्वीट कर महाराष्ट्र विधानसभा को भंग करने के संकेत दिए हैं। संजय राउत ने पहले एक बयान में कहा कि ज्यादा से ज्यादा क्या होगा, सत्ता चली जाएगी। प्रतिष्ठा रहना चाहिए, सत्ता जाएगी तो फिर आ जाएगी। इसके बाद उन्होंने एक ट्वीट में संकेत दिया कि विधानसभा भंग की जा सकती है। आज दिन में होने वाली कैबिनेट बैठक में इसकी अनुशंसा की जा सकती है।
राज्य के मंत्री और शिवसेना के नेता आदित्य ठाकरे ने ट्विटर पर अपना बायो बदल दिया है. उन्होंने प्रोफाइल से मंत्रीपद को हटा दिया है। जानकारी के मुताबिक एकनाथ शिंदे के साथ फिलहाल शिवसेना के 34, 6 निर्दलीय और अन्य दलों के हैं। शिंदे अपने साथ शिवसेना के और विधायकों को जोड़ना चाहते हैं ताकि वह दो तिहाई का आंकड़ा पार कर सकें और दल-बदल कानून से बच सकें।




