गाजीपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गाजीपुर में 692 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 268 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान आयोजित जनसभा में उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इन दलों ने राष्ट्रनायकों को सम्मान देने के बजाय विदेशी आक्रांताओं का महिमामंडन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज डबल इंजन की एनडीए सरकार महाराजा सुहेलदेव जैसे वीरों को उनका उचित सम्मान दिला रही है, जबकि पिछली सरकारों ने उनके योगदान को नजरअंदाज किया।
‘सालार मसूद का महिमामंडन करती थी विपक्षी पार्टियां’
सीएम योगी ने कहा कि लगभग एक हजार वर्ष पहले भारत पर हमला करने आए विदेशी आक्रांता सालार मसूद को बहराइच के चितौड़ा में महाराजा सुहेलदेव ने पराजित कर कड़ी सजा दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने कभी महाराजा सुहेलदेव के नाम पर कोई बड़ा आयोजन नहीं होने दिया, जबकि आक्रांता सालार मसूद गाजी के नाम पर मेले आयोजित कराए जाते रहे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रनायकों का सम्मान करने के बजाय विपक्ष ने हमेशा विदेशी आक्रांताओं को महिमामंडित करने का काम किया।
‘गाजीपुर की पहचान पर भी विपक्ष ने खड़े किए सवाल’
मुख्यमंत्री ने कहा कि गाजीपुर वीरों और बलिदानियों की धरती है, लेकिन एक समय ऐसा आया जब जिले की पहचान पर ही संकट खड़ा कर दिया गया। उन्होंने कहा, “गाजीपुर का नाम लेने से लोग डरते थे। यह स्थिति किसने पैदा की? यह सब विपक्ष की नीतियों का परिणाम था। उन्होंने विकास नहीं किया, बल्कि जिले की पहचान को नुकसान पहुंचाया।”
वीरों की धरती है गाजीपुर
सीएम योगी ने गाजीपुर के वीर सपूतों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 1965 के भारत-पाक युद्ध में दुश्मन के पैटन टैंकों को ध्वस्त करने वाले वीर अब्दुल हमीद और 1971 के युद्ध के महावीर चक्र विजेता शहीद रामनुग्रह पांडे इसी जिले की धरती से जुड़े थे। उन्होंने कहा कि गाजीपुर ने हमेशा आतंकवाद, अराजकता और अन्याय के खिलाफ देश का नेतृत्व किया है।
गहमर गांव के योगदान की सराहना
मुख्यमंत्री ने एशिया के सबसे बड़े गांव गहमर का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि यहां 12 हजार से अधिक सैनिक और पूर्व सैनिक रहते हैं। गहमर ने देश की आजादी से लेकर 1962, 1965, 1999 के युद्धों और हाल के ऑपरेशन सिंदूर तक राष्ट्र रक्षा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
विकास और विरासत दोनों पर जोर
अपने संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के साथ-साथ भारत के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रनायकों के सम्मान को भी समान महत्व दे रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के हर जिले को विकास, सुरक्षा और सांस्कृतिक गौरव के नए आयामों तक पहुंचाना है।




