Top NewsUttar Pradesh

दिल्ली अग्निकांड के बाद एक्शन में CM योगी, यूपी के होटलों और ऊंची इमारतों की जांच के दिए निर्देश

दिल्ली के मालवीय नगर स्थित हौज रानी इलाके में हुए भीषण अग्निकांड के बाद उत्तर प्रदेश सरकार अलर्ट मोड में आ गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए राज्यभर में होटलों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और ऊंची इमारतों की अग्नि सुरक्षा व्यवस्था की व्यापक जांच कराने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी विकास प्राधिकरणों, पुलिस विभाग, लोक निर्माण विभाग (PWD), अग्निशमन विभाग और संबंधित एजेंसियों को निर्देशित किया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्थित बहुमंजिला इमारतों, कार्यालयों, होटलों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का गहन निरीक्षण करें। साथ ही अग्निशमन सुरक्षा प्रणालियों को मजबूत बनाने और सभी होटलों का विशेष सुरक्षा ऑडिट कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा है।

सीएम योगी के निर्देशों के बाद राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों में फायर सेफ्टी जांच अभियान शुरू कर दिया गया है। लखनऊ के जेमिनी कॉन्टिनेंटल होटल में अग्निशमन विभाग की टीम ने निरीक्षण किया। जांच के दौरान कुछ तकनीकी कमियां सामने आईं, जिन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर दूर करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) अंकुश मित्तल ने बताया कि लखनऊ के सभी नौ फायर स्टेशनों की टीमें अपने-अपने क्षेत्रों में होटलों और अन्य प्रतिष्ठानों की जांच कर रही हैं। जहां भी सुरक्षा मानकों में कमी पाई जा रही है, वहां सुधार के निर्देश दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि लापरवाही मिलने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिल्ली के मालवीय नगर अग्निकांड में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया था। उन्होंने सोशल मीडिया पर जारी संदेश में मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

गौरतलब है कि दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर क्षेत्र में स्थित एक होटल में भीषण आग लगने से अब तक 21 लोगों की मौत हो चुकी है। हादसे के समय होटल में कई लोग मौजूद थे। आग तेजी से पूरी इमारत में फैल गई, जिसके बाद बचाव एवं राहत अभियान चलाकर लोगों को बाहर निकाला गया। घटना के बाद विभिन्न राज्यों में फायर सेफ्टी मानकों को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH