Top NewsUttar Pradesh

गुरु पूर्णिमा पर सीएम योगी का प्रदेशवासियों के नाम संदेश, बोले – ‘गुरु के आदर्श अपनाएं, तभी विकसित होगा उत्तर प्रदेश’

गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के नाम एक विशेष संदेश जारी किया है। अपने पत्र में उन्होंने भारतीय संस्कृति में गुरु के महत्व, गुरु-शिष्य परंपरा की गरिमा और शिक्षकों के सम्मान के लिए राज्य सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का उल्लेख किया। साथ ही लोगों से अपने गुरुजनों का सदैव सम्मान और स्मरण करने की अपील भी की।

‘गुरु पूर्णिमा श्रद्धा और कृतज्ञता का पर्व’

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सनातन परंपरा में गुरु को साक्षात परमब्रह्म का स्वरूप माना गया है। उन्होंने बताया कि आषाढ़ शुक्ल पूर्णिमा को मनाई जाने वाली गुरु पूर्णिमा महर्षि वेदव्यास की स्मृति में व्यास पूर्णिमा के रूप में भी मनाई जाती है।

उन्होंने कहा कि यह पर्व केवल सनातन परंपरा तक सीमित नहीं है। बौद्ध परंपरा में इसे भगवान बुद्ध के प्रथम उपदेश और धर्मचक्र प्रवर्तन से, जैन परंपरा में गौतम स्वामी के ज्ञान-दीक्षा प्रसंग से और सिख परंपरा में गुरु-वाणी की महत्ता से जोड़ा जाता है। उनके अनुसार, गुरु पूर्णिमा आध्यात्मिक चेतना और गुरु-शिष्य परंपरा का सार्वकालिक उत्सव है।

‘गुरु का सम्मान ही समाज की उन्नति का आधार’

सीएम योगी ने अपने संदेश में भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण का उल्लेख करते हुए कहा कि श्रीराम ने गुरु वशिष्ठ से शिक्षा और संस्कार प्राप्त किए, जबकि श्रीकृष्ण ने महर्षि सांदीपनि के आश्रम में ज्ञान अर्जित किया। उन्होंने कठोपनिषद् के नचिकेता का उदाहरण देते हुए कहा कि सच्चे ज्ञान का मार्ग गुरु ही दिखाते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस समाज में गुरु का सम्मान होता है, वही समाज प्रगति करता है। इसी सोच के साथ उनकी सरकार ने पिछले नौ वर्षों में शिक्षकों के सम्मान, पारदर्शी भर्ती, समयबद्ध सेवा सुविधाओं, आधुनिक डिजिटल संसाधनों और क्षमता विकास को प्राथमिकता दी है।

शिक्षकों के कल्याण के लिए सरकार की पहल

योगी आदित्यनाथ ने बताया कि राज्य सरकार ने शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के कल्याण के लिए मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना शुरू की है। इस योजना का लाभ बेसिक और माध्यमिक शिक्षा से जुड़े लाखों शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी और उनके आश्रित परिजन उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा संस्थानों के शिक्षकों और कर्मचारियों को भी इस योजना के दायरे में शामिल किया गया है। साथ ही शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा बीमा का लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

‘गुरु जीवन को दिशा देते हैं’

अपने संदेश के अंत में मुख्यमंत्री ने कहा कि गुरु केवल शिक्षा ही नहीं देते, बल्कि जीवन को सही दिशा भी प्रदान करते हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे अपने गुरुजनों का सदैव सम्मान करें, उनके बताए आदर्शों को जीवन में अपनाएं और ज्ञान व संस्कार के मार्ग पर आगे बढ़ें। उनके अनुसार, यही व्यक्तिगत विकास और विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण का आधार बनेगा।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH