SportsTop News

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026: नीरज चोपड़ा ने जीता सिल्वर, बोले- अब भारत के पास कई मेडल जीतने वाले जैवलिन थ्रोअर

भारतीय स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार वापसी करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। पिछले एक वर्ष से चोट और फिटनेस की समस्याओं से जूझ रहे नीरज ने इस प्रदर्शन के साथ न केवल अपनी वापसी का दम दिखाया, बल्कि इतिहास भी रच दिया। वह कॉमनवेल्थ गेम्स में जैवलिन थ्रो स्पर्धा में गोल्ड और सिल्वर दोनों पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए।

यश वीर सिंह की जमकर की तारीफ

सिल्वर मेडल जीतने के बाद नीरज चोपड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांस्य पदक विजेता यश वीर सिंह की सराहना की। उन्होंने कहा कि पोडियम पर भारतीय खिलाड़ी के साथ खड़े होना बेहद खास एहसास है। नीरज ने कहा, “आज एशियन गेम्स की यादें ताजा हो गईं, जब किशोर कुमार जेना और मैंने साथ मेडल जीते थे। मुझे खुशी है कि यशवीर ने इतने बड़े मंच पर अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। सबसे बड़ी बात यह है कि अगर मैं चोटिल रहूं या मैदान पर न उतर सकूं, तब भी भारत के पास पदक जीतने वाले बेहतरीन जैवलिन थ्रोअर मौजूद हैं। यशवीर अब 85 मीटर क्लब में पहुंच चुका है और रोहित भी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है।”

ठंडे मौसम में प्रदर्शन करना चुनौतीपूर्ण

नीरज ने ग्लासगो के मौसम का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें ठंडे मौसम में प्रदर्शन करने में कठिनाई होती है।उन्होंने कहा, “आज मेरा सिर्फ एक थ्रो अच्छा रहा। बाकी प्रयास और बेहतर हो सकते थे। मुझे गर्म मौसम में खेलना ज्यादा पसंद है, लेकिन इस सीजन का यह मेरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है और मेरी वापसी सही दिशा में आगे बढ़ रही है। अभी कई महत्वपूर्ण प्रतियोगिताएं बाकी हैं।”अब नीरज चोपड़ा का अगला लक्ष्य जापान में होने वाले एशियन गेम्स 2026 होंगे, जहां उनसे एक बार फिर स्वर्ण पदक की उम्मीद रहेगी।

प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर नीरज चोपड़ा और यश वीर सिंह को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी।पीएम मोदी ने नीरज चोपड़ा के लिए लिखा, “ग्लासगो में पुरुषों की जैवलिन थ्रो स्पर्धा में शानदार सिल्वर मेडल जीतने पर नीरज चोपड़ा को बधाई। उन्होंने एक बार फिर निरंतरता, संयम और जज्बे का शानदार प्रदर्शन किया है। उनकी सफलता हर भारतीय को गर्व से भर देती है। भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं। वहीं, यश वीर सिंह को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, “पुरुषों की जैवलिन थ्रो स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर यश वीर सिंह को बधाई। उनका शानदार प्रदर्शन उनकी मेहनत और समर्पण का प्रमाण है। उनकी उपलब्धि देश के युवाओं को प्रेरित करेगी। भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं।

भारत के खाते में 23 पदक

कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के नौवें दिन भारत का प्रदर्शन शानदार रहा। नीरज चोपड़ा के सिल्वर और यश वीर सिंह के ब्रॉन्ज समेत भारत के कुल पदकों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH