NationalTop News

भारत में कोरोना के मामलों में फिर तेजी, 15 दिन में 4 हज़ार मामले, 7 मौतें

नई दिल्ली। देश में एक बार फिर कोरोना वायरस का संक्रमण तेज़ी से फैलने लगा है। पिछले 15 दिनों में कोविड-19 के करीब 4,000 नए मामले सामने आए हैं, जिससे संक्रमण की स्थिति गंभीर होती जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा बुधवार को जारी ताज़ा आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस के 276 नए मामले दर्ज किए गए हैं, जिससे देश में सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 4,302 हो गई है।

सिर्फ संक्रमित मामलों में ही नहीं, बल्कि मौतों की संख्या में भी इजाफा देखने को मिल रहा है। बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के चलते 7 लोगों की मौत हुई है। लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य अधिकारियों ने अलर्ट जारी कर दिया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल को कोरोना हॉटस्पॉट के रूप में चिह्नित किया गया है।

देश में कहां कितने नए मामले?

स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, केरल अभी भी सबसे अधिक प्रभावित राज्य बना हुआ है। हालांकि, महाराष्ट्र, गुजरात और दिल्ली में भी मामलों में तेज़ उछाल देखा गया है। पिछले 24 घंटे में दिल्ली और गुजरात में समान रूप से 64-64 नए मामले, उत्तर प्रदेश में 63, और पश्चिम बंगाल में 60 मामले दर्ज किए गए हैं।

केरल सबसे ज़्यादा प्रभावित राज्य

अब तक के कुल मामलों पर नज़र डालें तो केरल में सबसे अधिक 1,435 एक्टिव केस दर्ज किए गए हैं। इसके बाद महाराष्ट्र में 510, दिल्ली में 483, और उत्तर प्रदेश में 201 संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई है।

संक्रमण दर में 1300% की बढ़ोतरी

स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, 22 मई 2025 को देश में कुल 257 एक्टिव केस थे, जो अब बढ़कर 4,302 हो गए हैं। महज़ 10 दिनों में 1300 प्रतिशत की वृद्धि संक्रमण के खतरे को दर्शा रही है।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

स्वास्थ्य मंत्रालय ने संक्रमण की गंभीरता को देखते हुए नागरिकों से मास्क पहनने, भीड़ से बचने और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की है। सरकार संक्रमण की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और आवश्यक कदम उठाने के लिए तैयार है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH