नई दिल्ली। टीम इंडिया के स्टार बल्लेबाज रिंकू सिंह ने उत्तर प्रदेश के मछलीशहर की सांसद प्रिया सरोज के साथ सगाई कर ली है। प्रिया सरोज समाजवादी पार्टी से सांसद हैं। दोनों जल्द ही शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। हालांकि दोनों किस तारिख को शादी करेंगे इसका पता अभी नहीं चल पाया है। प्रिया सरोज की बात करें तो वो सिर्फ 25 साल की उम्र में सांसद बन गई थीं। प्रिया सरोज सुप्रीम कोर्ट में वकील रही हैं। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई की है।
प्रिया सरोज के पिता तूफानी सरोज भी मछलीशहर लोकसभा सीट से तीन बार सांसद रहे हैं। वो साल 1999, 2004 और 2009 में लोकसभा चुनाव जीते थे। इसके बाद उनकी बेटी प्रिया सरोज ने मछलीशहर का प्रतिनिधित्व किया और देश की दूसरी सबसे युवा सांसदों में से एक हैं।
वहीं टीम इंडिया के बल्लेबाज रिंकू सिंह की बात करें तो वह पिछले दो सालों से बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं। रिंकू ने अपने करियर में अब तक 30 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। इस दौरान 22 पारियों में तूफानी बल्लेबाज ने 507 रन ठोके हैं। क्रिकेट के इस फॉर्मेट में उनकी औसत 46.09 की और स्ट्राइक रेट 165.14 की रही है। टी20 इंटरनेशनल में उन्होंने अब तक 3 अर्धशतक लगाए हैं। इस दौरान उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 69 रन है।