Top NewsUttarakhand

उत्तराखंड में फिर मंडरा रहा भारी बारिश का खतरा, 30 सितंबर तक अलर्ट

उत्तराखंड में हाल ही में हुई भारी बारिश, बादल फटने और भूस्खलन से तबाही के बाद मौसम कुछ दिनों तक साफ रहा, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली थी। लेकिन अब फिर से राज्य में भारी बारिश का खतरा मंडरा रहा है।मौसम विभाग ने 23 से 30 सितंबर तक राज्य में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सभी संबंधित विभागों और प्रशासन को सतर्क रहने और आवश्यक तैयारियां करने के निर्देश दिए हैं।मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के निदेशक डॉ. सी.एस. तोमर ने बताया कि सोमवार को जहां पहाड़ी जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई, वहीं देहरादून और अन्य मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहा और उमस बनी रही।

बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम

मौसम विभाग के अनुसार, 25 सितंबर के आसपास बंगाल की खाड़ी में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसका असर ओडिशा, आंध्र प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के रूप में देखने को मिलेगा। यही सिस्टम आगे बढ़कर बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश के मैदानी इलाकों में भी महीने के अंत तक बारिश ला सकता है।

उत्तर-पश्चिम भारत में बदलेगा मौसम

मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर-पश्चिम भारत के पहाड़ी राज्यों में अब मौसम शुष्क रहेगा। हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी संभव है, लेकिन नमी कम होने के कारण बारिश सामान्य से कम होगी। वहीं, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली से जल्द ही मानसून पूरी तरह विदा ले लेगा।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH