NationalTop News

दिल्ली मेट्रो का बड़ा विस्तार: फेज V(B) में 7 नए कॉरिडोर को मंजूरी, 97 किमी नेटवर्क बढ़ेगा

दिल्ली में मेट्रो नेटवर्क को और मजबूत करने के लिए सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। दिल्ली सरकार ने शनिवार को दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के फेज V(B) विस्तार को मंजूरी दे दी है। इस प्रोजेक्ट के तहत 7 नए मेट्रो कॉरिडोर बनाए जाएंगे, जिनकी कुल लंबाई 97 किलोमीटर होगी और इन पर 65 नए स्टेशन विकसित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुसार, इस परियोजना की अनुमानित लागत ₹48,204.56 करोड़ है। इसका मुख्य उद्देश्य राजधानी के बाहरी और तेजी से विकसित हो रहे इलाकों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करना है। सरकार ने इनमें से 4 कॉरिडोर को प्राथमिकता वाले प्रोजेक्ट के रूप में चिन्हित किया है और उन्हें 2029 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

अधिकारियों के मुताबिक, इस परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) पहले ही केंद्र सरकार को सौंपी जा चुकी है और अब कैबिनेट की मंजूरी का इंतजार है। हाल ही में मुख्यमंत्री और DMRC के अधिकारियों के बीच हुई बैठक के बाद इस प्रस्ताव को अंतिम मंजूरी दी गई। प्रोजेक्ट शुरू करने से पहले केंद्र और राज्य सरकार की वित्तीय स्वीकृति जरूरी होगी। मंजूर किए गए 7 कॉरिडोर में धांसा बस स्टैंड-नांगलोई, केंद्रीय सचिवालय-किशनगढ़, समयपुर बादली-नरेला, कीर्ति नगर-पालम, जोर बाग-मीठापुर, शास्त्री पार्क-मयूर विहार फेज 2 और केशवपुरम-रोहिणी सेक्टर 34 शामिल हैं।

इनमें कुछ कॉरिडोर पूरी तरह एलिवेटेड होंगे, जबकि कई जगहों पर अंडरग्राउंड और एलिवेटेड का मिश्रित निर्माण किया जाएगा। सबसे लंबा कॉरिडोर जोर बाग से मीठापुर तक करीब 16.99 किमी का होगा, जबकि अन्य कॉरिडोर भी 10 से 16 किमी के बीच के होंगे। इस विस्तार के बाद दिल्ली मेट्रो नेटवर्क और व्यापक होगा, जिससे यात्रियों को बेहतर सुविधा, कम यात्रा समय और शहर के दूरदराज इलाकों तक आसान पहुंच मिल सकेगी।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH