CrimeRegionalमुख्य समाचार

दिल्लीः लिफ्ट देने के बहाने महिला को कार में बैठाया, फिर किया दुष्कर्म, सीसीटीवी के जरिए पुलिस कर रही आरोपियों की तलाश

दिल्ली के हरि नगर इलाके में रविवार को देर रात कार में लिफ्ट देने के बहाने बिठाकर एक शादीशुदा महिला के साथ रेप करने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला का अपने पति से झगड़ा हो गया था। जिसके बाद वह नाराज होकर अपने रिश्तेदारों के घर उत्तम नगर जा रही थी। रास्ते में वैगन आर कार सवार युवकों ने उसे लिफ्ट देने के बहाने कार में बैठने को कहा और बाद में चलती कार में उसके साथ दुष्कर्म किया। उसके बाद युवक महिला को निहाल विहाल इलाके में छोड़कर फरार हो गए।

उसके बाद पुलिस के बीच सीमा विवाद का मामला सामने आ गया। महिला को एक थाने से दूसरे थाने में ले जाया गया और अंत में हरिनगर से आरोपियों के लिफ्ट देने की वजह से हरिनगर थाने में महिला का मामला दर्ज किया गया। पुलिस कार की रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए आरोपी की कार की पहचान करने में जुटी है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक 34 वर्षीय महिला अपने पति के साथ सागरपुर इलाके में रहती है। रविवार रात उसकी अपने पति से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। महिला गुस्से में घर छोड़कर उत्तम नगर में रहने वाले अपने रिश्तेदारों के घर जा रही थी।

तड़के महिला ने पुलिस को फोन कर बताया कि वैगन आर कार सवार दो युवकों ने उसे अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म किया और उसे निहाल विहार के नाले के पास फेंक कर भाग गए हैं। इस सूचना पर निहाल विहार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और उससे पूछताछ की। जिसमें पता चला कि वह सागरपुर इलाके से चली थी। निहाल विहार पुलिस उसे लेकर सागरपुर थाने पहुंची।

पूछताछ में पता चला कि आरोपियों ने उसे हरिनगर इलाके से कार में लिफ्ट दिया था। उसके बाद महिला को हरिनगर थाने लाया गया। जहां उसके बयान पर पुलिस ने उसका मेडिकल करवाया और इस बाबत मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अधिकारियों ने मुताबिक महिला के बताए रूट पर लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए आरोपियों की कार की पहचान की जा रही है।

 

=>
=>
loading...