नई दिल्ली। दिल्ली में बुधवार को भाजपा नेताओं ने तिरंगा रैली में बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। हाथ में तिरंगा लिए नेता बाइक में सवार होकर निकले तो उनका जोश देखने लायक था। हालांकि, इस जोश में कई नेता कानून तोड़ने की गलती कर बैठे। आजमगढ़ से सांसद निरहुआ, दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी और झारखंड के गोड्डा से सांसद निशिकांत दुबे समेत कई नेता बिना हेलमेट ही दिल्ली की सड़कों पर निकल गए। अब इनके खिलाफ शिकायतों की भरमार लग गई है। इसके बाद पुलिस ने मनोज तिवारी का 41 हजार रु का चालान काट दिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी दी कि सांसद के पास हेलमेट, ड्राइविंग लाइसेंस, पॉल्यूशन सर्टिफिकेट और गाड़ी का पंजीकरण नहीं मिला, इस पर उनका चालान काटा गया और वाहन के मालिक का चालान अलग से काटा गया है।
इससे पहले उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू ने केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी और पीयूष गोयल के साथ तिरंगा बाइक रैली को रवाना किया। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, अनुराग ठाकुर, धर्मेंद्र प्रधान समेत कई केंद्रीय मंत्री और सांसद बाइक पर बैठकर तिरंगा लहराते नजर आए। अधिकतर नेताओं ने ट्रैफिक नियमों का भी ध्यान रखा और हेलमेट पहने नजर आए। हालांकि, कुछ नेता सिर पर पगड़ी या भगवा गमछा बांध बाइक दौड़ाते नजर आए।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के ट्विटर हैंडल पर बड़ी संख्या में लोग इन सांसदों की तस्वीर, वीडियो दिखाकर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। लोग पूछ रहे हैं कि क्या इन्हें कानून तोड़ने की छूट है? कुछ शिकायतों के जवाब में ट्रैफिक पुलिस की ओर से ऐक्शन लिए जाने की बात कही गई है। सोशल मीडिया पर इन नेताओं की तस्वीरें खूब वायरल हो रही हैं।




