नई दिल्ली: दिल्ली दंगों से जुड़े कथित बड़ी साजिश के मामले में जेल में बंद उमर खालिद और शरजील इमाम को सुप्रीम कोर्ट से फिलहाल राहत नहीं मिली है. बुधवार को मामले की सुनवाई के दौरान शीर्ष अदालत ने दोनों आरोपियों को अंतरिम जमानत देने से इनकार कर दिया. हालांकि, उनकी याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है.
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने स्पष्ट किया कि अंतरिम जमानत के अनुरोध पर कोई फैसला लेने से पहले दिल्ली पुलिस का पक्ष सुना जाएगा. सुनवाई के दौरान उमर खालिद की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने उन्हें अंतरिम राहत देने की मांग की. इस पर सीजेआई ने संक्षिप्त टिप्पणी करते हुए कहा, ‘आज नहीं.’ शरजील इमाम की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ दवे ने भी अंतरिम जमानत की मांग की, लेकिन अदालत ने फिलहाल इस पर राहत नहीं दी.
सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली पुलिस से मांगा जवाब
सुप्रीम कोर्ट ने उमर खालिद और शरजील इमाम की याचिकाओं पर दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी किया है. अदालत का कहना है कि दोनों की अंतरिम जमानत पर विचार करने से पहले पुलिस की दलीलें और उसका जवाब जानना जरूरी है. इस मामले में चीफ जस्टिस सूर्यकांत के साथ जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ सुनवाई कर रही है.
दिल्ली हाई कोर्ट के फैसले को दी है चुनौती
दरअसल, उमर खालिद और शरजील इमाम ने दिल्ली हाई कोर्ट के उस फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है, जिसमें 30 सितंबर 2026 को उनकी जमानत याचिकाएं खारिज कर दी गई थीं. दोनों लंबे समय से दिल्ली दंगों की कथित साजिश से जुड़े मामले में जेल में बंद हैं.
जमानत के समर्थन में क्या दी गई दलील?
सुप्रीम कोर्ट में दाखिल याचिकाओं में दोनों की ओर से दलील दी गई कि अभियोजन पक्ष अब तक संरक्षित गवाहों के बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी नहीं कर पाया है. इसके अलावा, शीर्ष अदालत की ओर से लगाई गई एक साल की रोक की अवधि भी पूरी होने के करीब है. इन्हीं आधारों का हवाला देते हुए दोनों आरोपियों ने जमानत और अंतरिम राहत की मांग की थी. हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने फिलहाल अंतरिम जमानत देने से इनकार करते हुए दिल्ली पुलिस से जवाब तलब किया है. अब मामले में आगे की सुनवाई के दौरान पुलिस का पक्ष महत्वपूर्ण होगा.




