दिल्लीः मालवीय नगर के शेख सराय में बृहस्पतिवार शाम को घर में घुसकर बदमाशों द्वारा एक महिला की हत्या कर दी गई। महिला पर चाकू से 20 से ज्यादा ताबड़तोड़ वार किए गए। मालवीय नगर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में पुलिस बता रही है कि घर से लूटपाट के कोई सबूत नही मिले हैं। जांच में ये बात भी सामने आई है कि पति ने ही पत्नी की हत्या करवाई है। पुलिस आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। सीसीटीवी फुटेज के माध्यम से तीन आरोपियों को देखा गया है।
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार मृतक महिला रीना गुलिया(36) अपने पति नवीन और दस वर्षिय बेटे के साथ 40बी फेज 2 शेख सराय में रहती थी। नवीन का केबल का व्यापार है। बृहस्पतिवार शाम को महिला का पति बच्चे के साथ बाहर गया था। शाम करीब साढ़े चार बजे तीन लोग गेट खुलवाकर घर में घुसे और रीना गुलिया पर चाकू से हमला कर दिया।
बेटा और नौकर जब घर में आए तब उन्हें महिला की हत्या का पता लगा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपी कैद हो गए हैं। तीन आरोपी महिला के घर में घुसते हुए दिखाई दे रहे हैं। आरोपी पीड़िता के घर में कुछ समय तक रुके भी थे।
युवक की चाकू मारकर हत्या
नंद नगरी इलाके में बृहस्पतिवार रात एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। शुरूआती जांच के बाद पुलिस को शक है कि नशे में झगड़ा होने पर युवक की हत्या की गई है। पुलिस परिवार वालों से पूछताछ कर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
मृतक की शिनाख्त रवि कुमार के रूप में हुई है। वह ज्योति नगर में अपनी पत्नी मंजू और तीन बच्चों के साथ रहता था। वह मजदूरी करता था। परिवार वालों के मुताबिक बृहस्पतिवार शाम किसी से मिलने की बात कहकर घर से निकला था। रात करीब साढ़े आठ बजे किसी ने रवि को नत्थू कालोनी फ्लाई ओवर के पास चाकू मार दिया। रवि के चिल्लाने पर लोगों की उसपर नजर पड़ी। उसके बाद लोगों ने उसे अस्पताल ले गए। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। उसके सीने में चाकू गोदा गया था।
पुलिस परिवार वालों से पूछताछ कर पता लगाने की कोशिश कर रही है कि रवि किससे मिलने गया था। रवि का किसी से कोई दुश्मनी तो नहीं था। साथ ही पुलिस घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरा खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।




