InternationalTop News

धर्मेंद्र को अस्पताल से मिली छुट्टी, अब घर पर जारी रहेगा इलाज

मुंबई से एक राहत भरी खबर सामने आई है। दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र, जिन्हें कुछ दिन पहले तबीयत बिगड़ने के चलते ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, अब घर लौट आए हैं। 89 वर्षीय अभिनेता को 10 नवंबर को वेंटिलेटर पर शिफ्ट किया गया था, लेकिन अब उनकी सेहत में पहले से काफी सुधार है।

अस्पताल के डॉक्टरों ने पुष्टि की है कि धर्मेंद्र को डिस्चार्ज कर दिया गया है। परिवार की ओर से फैसला लिया गया कि अब उनका इलाज घर पर ही किया जाएगा। अभिनेता को एंबुलेंस से उनके घर लाया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। फैंस धर्मेंद्र के स्वस्थ होने की खबर सुनकर बेहद खुश हैं और उनके जल्द पूरी तरह ठीक होने की कामना कर रहे हैं।

हेमा मालिनी और उनकी बेटी ईशा देओल ने 11 नवंबर को सोशल मीडिया पर धर्मेंद्र की सेहत को लेकर जानकारी दी थी। ईशा ने लिखा था कि मीडिया में फैल रही अफवाहें निराधार हैं, पापा की तबीयत स्थिर है और वे तेजी से स्वस्थ हो रहे हैं। परिवार ने सभी से निजता का सम्मान करने की अपील की थी।

धर्मेंद्र की तबीयत 1 नवंबर को बिगड़ी थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी तबीयत बिगड़ने की खबर पर परिवार के सभी सदस्य और बॉलीवुड के कई बड़े कलाकार अस्पताल पहुंचे थे। इस बीच सोशल मीडिया पर उनकी मौत की झूठी अफवाहें भी फैलाई गईं, जिन पर परिवार ने नाराजगी जताई और साफ किया कि अभिनेता स्वस्थ हैं और धीरे-धीरे रिकवर कर रहे हैं।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH