खनऊ। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में शुक्रवार को लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में जनपद अलीगढ़, आजमगढ़, श्रावस्ती, चित्रकूट एवं सोनभद्र में विकसित किए जा रहे हवाईअड्डों के संचालन एवं प्रबंधन के लिए @AAI_Official एवं @UPGovt के बीच अनुबंध का निष्पादन (MoU) हुआ।
इस मौके पर बोलते हुए सीएम योगी ने कहा कि मुझे प्रसन्नता है कि आज एक महत्वपूर्ण MoU निष्पादन का कार्य सम्पन्न हुआ है। जनपद अलीगढ़, आजमगढ़, श्रावस्ती, चित्रकूट एवं सोनभद्र में विकसित किए जा रहे हवाईअड्डों के संचालन एवं प्रबंधन के लिए @AAI_Official का सहयोग मिल रहा है। यह एयरपोर्ट ऐसे क्षेत्रों में स्थापित हो रहे हैं जो विकास की दौड़ में कतिपय कारणों से पीछे छूट गए थे। श्रावस्ती, सोनभद्र और चित्रकूट तो आकांक्षात्मक जनपद हैं। यहां से एयर कनेक्टिविटी होने से इन क्षेत्रों के विकास को नए पंख लगेंगे। कोई सोच नहीं सकता था कि आजमगढ़ में एयरपोर्ट बनेगा। लोग डरते थे यहां के नाम से। हमने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे आजमगढ़ के बीच से निकाला है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्रमोदी जी के हाथों इसका लोकार्पण भी हुआ।
उन्होंने कहा कि अलीगढ़ जो कि हार्डवेयर का महत्वपूर्ण केंद्र है, यहां उत्तर प्रदेश डिफेंस कॉरीडोर का एक नोड स्थापित कर रहे हैं। जल्द ही यहां बेहतर एयर कनेक्टिविटी सुविधा होगी। चित्रकूट रामायण सर्किट का महत्वपूर्ण हिस्सा है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम ने अपने वनवास का सर्वाधिक समय यहीं व्यतीत किया था। यहां ऊंचाई पर पहाड़ी पर बहुत सुंदर एयरपोर्ट बन रहा है। श्रावस्ती पर्यटन की दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। भगवान बुद्ध ने अपने जीवन काल में सर्वाधिक चातुर्मास यहीं व्यतीत किए थे। अब यहां से वायुसेवा शुरू होने जा रही है। सोनभद्र कभी नक्सल गतिविधियों के लिए कुख्यात रहा है। लेकिन यह प्राकृतिक संसाधनों की दृष्टि से अत्यंत समृद्ध है। माइनिंग के लिहाज से बहुत समृद्ध है। यहां वायु सेवा आवश्यक थी, जिसे हम पूरा कर रहे हैं:
सीएम योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा प्रारंभ की गई ‘उड़ान’ योजना का उत्तर प्रदेश ने अत्यधिक लाभ प्राप्त किया है। 2017 से पहले प्रदेश में मुख्यतः लखनऊ और वाराणसी में ही एयरपोर्ट थे। गोरखपुर और आगरा में आंशिक रूप से क्रियाशील एयरपोर्ट थे।उत्तर प्रदेश अतिशीघ्र 05 इंटरनेशनल एयरपोर्ट वाला राज्य बनने जा रहा है। वर्तमान में वाराणसी, कुशीनगर और लखनऊ इंटरनेशनल एयरपोर्ट हैं जबकि जेवर और अयोध्या में निर्माण जारी है।



