NationalTop News

आंध्र प्रदेश के कुरनूल में भीषण सड़क हादसा, 8 तीर्थयात्रियों की मौत, 10 से ज्यादा घायल

आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना मंत्रालयम मंडल के चिलकलाडोना गांव के पास हुई, जहां एक बोलेरो और रेडी-मिक्स लॉरी के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। पुलिस के अनुसार, हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। घायलों को तुरंत एम्मिगानूर अस्पताल और आसपास के मेडिकल सेंटरों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।

बताया जा रहा है कि सभी मृतक कर्नाटक के चिकमगलूर जिले के रहने वाले तीर्थयात्री थे, जो श्री राघवेंद्र स्वामी के दर्शन के लिए मंत्रालयम जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मामले में केस दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

आंध्र प्रदेश के परिवहन मंत्री मंदीपल्ली रामप्रसाद रेड्डी ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए। गौरतलब है कि इसी क्षेत्र में अक्टूबर 2025 में भी एक बड़ा हादसा हुआ था, जब हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही कावेरी ट्रैवल्स की स्लीपर बस में आग लगने से करीब 19-20 लोगों की जिंदा जलकर मौत हो गई थी। उस हादसे ने भी पूरे देश को झकझोर कर रख दिया था।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH