हैदराबाद। भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे सीरीज के पहले स्ट मैच के चौथे दिन इंग्लैंड की दूसरी पारी 420 रन पर सिमट गई। भारत को 231 रन का टारगेट मिला है। हालांकि भारत की स्थिति कुछ ठीक नजर नहीं आ रही है। भारत ने 73 रनों पर तीन विकेट गंवा दिए हैं। रोहित शर्मा ने 39, यशश्वी जायसवाल 15 तो वहीं शुभमन गिल बिना कोई खाता खोले वापस पवेलियन लौट गए। इस समय केएल राहुल 15 और अक्षर पटेल 5 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं।
इससे पहले दूसरी पारी में इंग्लैंड 5 विकेट पर मात्र 163 पर था, लेकिन उप-कप्तान ओली पोप ने भारत में टेस्ट मैचों में अपने देश के किसी भी बल्लेबाज द्वारा सबसे महान पारियों में से एक खेलते हुए मैच में अपनी टीम की वापसी कराई। ओली पोप ने 278 गेंदों का सामना करते हुए 196 रन बनाए, जिसमें 21 चौके शामिल रहे। ये टेस्ट क्रिकेट में उनका दूसरा 150 प्लस स्कोर और 5वां शतक है।
उन्होंने बेन फॉक्स, रेहान अहमद और टॉम हार्टले के साथ क्रमशः 112, 64 और 80 की तीन महत्वपूर्ण साझेदारियां भी की। जसप्रीत बुमराह ने ओली पोप को बोल्ड कर टीम की पारी समेटी। बुमराह ने पारी में 4 विकेट लिए, उन्होंने पहली पारी में भी 2 विकेट लिए थे। दूसरी पारी में रविचंद्रन अश्विन ने 3 और रवींद्र जडेजा ने 2 विकेट लिए। एक सफलता अक्षर पटेल को भी मिली। पोप की मदद से इंग्लैंड ने सुनिश्चित किया कि चौथे दिन सुबह के सत्र में भारतीय उत्साह कम रहे और उन्होंने 104 रन जोड़े, जिससे वो मैच में बने रहें।




