EntertainmentTop News

डायलॉग्स बदलने का भी नहीं मिला फायदा, धड़ाधड़ गिर रही आदिपुरुष की कमाई

नई दिल्ली। ओम राउत की फिल्म आदिपुरुष चौतरफा फजीहत झेल रही है। आदिपुरुष की सबसे ज्यादा ट्रोलिंग इसके डायलॉग्स को लेकर हो रही है। फिल्म में भगवान हनुमान बाप शब्द का इस्तेमाल कर रहे हैं तो वहीं, रावण के बेटे मेघनाथ की भाषा टपोरी है।

हालांकि, मेकर्स ने अब इन डायलॉग्स को बदल दिया है, लेकिन इससे ज्यादा फायदा होते हुए दिखाई नहीं दे रहा है। फिल्म का बिजनेस धड़ाम हो गया है। रिलीज के चंद दिनों में ही कमाई 10 करोड़ के नीचे पहुंच गई है।

आदिपुरुष बीते साल से चर्चा में बनी हुई है। मेकर्स ने एंटरटेनमेंट के दावे के साथ फिल्म को 16 जून को रिलीज किया, जिसके बाद से फिल्म की पूरी टीम आलोचना झेल रही है। बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की हालत इनकी स्थिति बयां कर रही है।

धड़ाधड़ गिर रही कमाई

आदिपुरुष ने ओपनिंग डे पर देशभर में अच्छी शुरुआत की। Sacnilk की रिपोर्ट के अनुसार, पहले दिन फिल्म ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 86.75 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। इसके बाद से आदिपुरुष की कमाई लगातार गिरती जा रही है। फिल्म ने शनिवार को 62.25 करोड़ और रविवार को 69.1 करोड़ की नेट कमाई की।

निराशाजनक है बिजनेस

वहीं, मंडे टेस्ट में तो आदिपुरुष धड़ाम से औंधे मुंह गिर पड़ी। फिल्म ने सोमवार को महज 16 करोड़ का नेट कलेक्शन किया। इसके बाद मंगलवार को फिल्म ने 10.7 करोड़ की कमाई। वहीं, बुधवार के कलेक्शन की बात करें तो ये और भी ज्यादा निराशाजनक है।

बुधवार के कलेक्शन ने किया शर्मिंदा

शुरुआती आंकड़ों के अनुसार आदिपुरुष ने 21 जून को देशभर के सिनेमाघरों में लगभग 7.50 करोड़ का नेट कलेक्शन किया है। इसके साथ ही फिल्म ने अब तक डोमेस्टिक बॉक्स ऑफिस पर 255.30 करोड़ का टोटल नेट कलेक्शन कर लिया है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH