NationalTop News

जीवनसाथी डॉट कॉम से बिछाया जाल, फर्जी IAS बनकर महिला डॉक्टर से 3 लाख की ठगी, वाराणसी से गिरफ्तार

नरसिंहपुर: मध्य प्रदेश पुलिस ने खुद को आईएएस अधिकारी और डॉक्टर बताकर महिला चिकित्सक से लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने जीवनसाथी डॉट कॉम के जरिए महिला डॉक्टर से संपर्क किया और झूठी पहचान बनाकर उसका विश्वास जीत लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने दावा किया कि उसने एमबीबीएस, एमडी और डीएम की पढ़ाई पूरी की है तथा यूपीएससी परीक्षा पास कर मध्यप्रदेश कैडर का आईएएस अधिकारी बना है। उसने खुद को धार जिले में एसडीएम पद पर तैनात बताते हुए वरिष्ठ अधिकारियों से करीबी संबंध होने का भी झूठा दावा किया।

आरोपी ने महिला चिकित्सक को विभिन्न कार्यों में मदद दिलाने का भरोसा देकर करीब 3 लाख रुपये की ठगी कर ली। शिकायत के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और जांच के आधार पर वाराणसी (उत्तर प्रदेश) में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अपने गांव और परिजनों को भी खुद को आईएएस अधिकारी बताकर गुमराह करता था। वह एआई आधारित फोटो एडिटिंग तकनीक की मदद से खुद को वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी के रूप में प्रस्तुत करता था और सोशल मीडिया पर अधिकारियों व सरकारी संस्थानों के साथ एडिट की गई तस्वीरें साझा कर लोगों का भरोसा जीतता था। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उसने इसी तरह कितने अन्य लोगों को अपना शिकार बनाया है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH