मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में पुलिस की कार्रवाई के डर से एक कथित शूटर ने खुद ही SSP कार्यालय पहुंचकर सरेंडर कर दिया। आरोपी रवीश पर लोहियानगर थाना क्षेत्र में स्क्रैप कारोबारी हारून पर जानलेवा हमला करने का आरोप है। पुलिस के सामने पहुंचने के बाद रवीश को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है। आरोपी ने मीडिया के सामने दावा किया कि उसे डर था कि अगर पुलिस उसे गिरफ्तार करती है तो उसके पैर में गोली मार सकती है। इसी वजह से उसने खुद पुलिस कार्यालय पहुंचकर आत्मसमर्पण करने का फैसला किया।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद लौट रहे स्क्रैप कारोबारी हारून पर कथित तौर पर हमला किया गया था। इस घटना में हारून गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच करीब 24 लाख रुपये की कमेटी की रकम को लेकर विवाद चल रहा था। हारून पक्ष का आरोप है कि आरोपी पक्ष पर यह रकम बकाया थी और लंबे समय से भुगतान को लेकर विवाद चल रहा था।
पांच लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ मुकदमा
घटना के बाद हारून के भाई सोनू मलिक की शिकायत पर लोहियानगर थाने में इरशाद, रवीश, फिरोज, शबाना और बशीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश शुरू कर दी। इसी दौरान रवीश अचानक SSP कार्यालय पहुंच गया और पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
आरोपी ने बताई अपनी कहानी
रवीश ने मीडिया के सामने दावा किया कि घटना के समय वह गुस्से में था और उसके पास पिस्टल थी। उसका कहना है कि विवाद के दौरान हुई छीना-झपटी में गोली चल गई। आरोपी ने अपने परिवार को मामले से अलग बताते हुए घटना की जिम्मेदारी खुद लेने की बात कही है। रवीश का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह हाथ में पोस्टर लेकर मुख्यमंत्री से माफी मांगता नजर आ रहा है। पोस्टर के जरिए उसने भविष्य में अपराध नहीं करने की बात कहते हुए माफी की अपील की।
पिस्टल और कारतूस बरामद होने का दावा
पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल .32 बोर की पिस्टल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। हथियार को लेकर आरोपी के बयानों की भी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस रवीश से पूछताछ कर रही है। साथ ही मुकदमे में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस की टीमें कार्रवाई कर रही हैं। मामले में आगे की जांच के आधार पर तस्वीर और साफ होगी।




