प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद महोबा से समाजवादी पार्टी सांसद अजेंद्र सिंह लोधी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। भाजपा नेता सत्येंद्र प्रताप की शिकायत पर महोबा कोतवाली में सपा सांसद के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस घटनाक्रम के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज हो गई है।
पुलिस ने सांसद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पीएम मोदी को लेकर दिए गए बयान के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी नाराजगी देखने को मिली। सोमवार को बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं ने महोबा में प्रदर्शन करते हुए नगर कोतवाली का घेराव किया और सांसद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई।
भाजपा नेता सत्येंद्र प्रताप ने कहा कि राजनीतिक विचारों और नीतियों का विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणी और अभद्र भाषा किसी भी हाल में स्वीकार नहीं की जा सकती। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान समाजवादी पार्टी की राजनीतिक संस्कृति को दर्शाते हैं। साथ ही चेतावनी दी कि अगर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
दरअसल, सपा सांसद ने प्रधानमंत्री मोदी की सोना खरीदने को लेकर की गई अपील पर प्रतिक्रिया देते हुए विवादित बयान दिया था। इसके बाद भाजपा ने इस मुद्दे को जोरशोर से उठाया और मामले ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया।




