EntertainmentTop News

कनाडा के सरे शहर में कैफे के बाहर फायरिंग, कपिल शर्मा को धमकी, बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी

कनाडा के सरे शहर में 2 मई को एक कैफे के बाहर फायरिंग की घटना सामने आई है, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि यह घटना कॉमेडियन कपिल शर्मा के चर्चित ‘कैप्स कैफे’ के पास हुई। घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। फेसबुक पर साझा किए गए इस पोस्ट में कहा गया है कि फायरिंग सरे, ब्रिटिश कोलंबिया स्थित ‘चाय सुट्टा बार’ कैफे के बाहर हुई, जो कपिल शर्मा के कैफे के नजदीक है। हालांकि, इस दावे की अब तक पुलिस या किसी आधिकारिक एजेंसी ने पुष्टि नहीं की है।

वायरल पोस्ट में कपिल शर्मा को सीधे तौर पर चेतावनी दी गई है कि उन्हें ‘लाइन में रहना होगा’ और गैंग का समय बर्बाद नहीं करना चाहिए। ऐसा न करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह पहली बार नहीं है जब कपिल शर्मा के कैफे के आसपास इस तरह की घटना हुई हो। पिछले साल जुलाई, अगस्त और अक्टूबर में भी फायरिंग की घटनाएं सामने आई थीं, जिन्हें कथित तौर पर धमकी और वसूली से जोड़ा गया था। फिलहाल, स्थानीय पुलिस और जांच एजेंसियां मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी एंगल से जांच कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि सोशल मीडिया पर किए गए दावों की सत्यता की भी जांच की जा रही है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH