क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने बिग बैश लीग (BBL) के 16वें सीजन का कार्यक्रम जारी कर दिया है। 12 दिसंबर 2026 से शुरू होने वाला यह टूर्नामेंट 26 जनवरी 2027 तक चलेगा। करीब 46 दिनों तक चलने वाले इस सीजन में कुल 44 मुकाबले खेले जाएंगे। इस बार बिग बैश लीग का आगाज भारत से होगा। टूर्नामेंट का पहला मैच 12 दिसंबर को चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम में मेलबर्न रेनेगेड्स और पर्थ स्कॉर्चर्स के बीच खेला जाएगा। यह पहली बार होगा जब किसी विदेशी टी20 लीग का आधिकारिक मुकाबला भारतीय जमीन पर आयोजित किया जाएगा।
ऑस्ट्रेलिया में 15 दिसंबर से शुरू होंगे मुकाबले
ऑस्ट्रेलिया में BBL 16 का पहला मुकाबला 15 दिसंबर को खेला जाएगा, जिसमें ब्रिस्बेन हीट और सिडनी सिक्सर्स आमने-सामने होंगे। यह मैच चेन्नई में होने वाले उद्घाटन मुकाबले के तीन दिन बाद आयोजित होगा। लीग चरण के आखिरी मुकाबले 16 और 17 जनवरी को खेले जाएंगे। इन दोनों दिनों में दो-दो मैच आयोजित किए जाएंगे, जिसके बाद प्लेऑफ चरण की शुरुआत होगी।
19 जनवरी से शुरू होंगे प्लेऑफ मुकाबले
टूर्नामेंट का क्वालिफायर मुकाबला 19 जनवरी को खेला जाएगा, जबकि 20 जनवरी को नॉकआउट मैच होगा। इसके बाद 23 जनवरी को चैलेंजर मुकाबला आयोजित किया जाएगा और 26 जनवरी को फाइनल खेला जाएगा। हालांकि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अभी तक प्लेऑफ मुकाबलों के वेन्यू की घोषणा नहीं की है।
क्रिसमस और बॉक्सिंग डे पर होंगे बड़े मुकाबले
क्रिसमस डे यानी 25 दिसंबर को मेलबर्न रेनेगेड्स और होबार्ट हरिकेंस के बीच मुकाबला खेला जाएगा। वहीं बॉक्सिंग डे (26 दिसंबर) पर फैंस को दो बड़े मैच देखने को मिलेंगे। पहले मुकाबले में सिडनी सिक्सर्स का सामना ब्रिस्बेन हीट से होगा, जबकि दूसरे मैच में पर्थ स्कॉर्चर्स और मेलबर्न स्टार्स की टीमें आमने-सामने होंगी। 31 दिसंबर को न्यू ईयर ईव के मौके पर एडिलेड स्ट्राइकर्स और मेलबर्न स्टार्स के बीच मुकाबला खेला जाएगा। वहीं नए साल के पहले दिन यानी 1 जनवरी को भी दो मैच आयोजित होंगे। पहले मुकाबले में मेलबर्न रेनेगेड्स और सिडनी सिक्सर्स भिड़ेंगे, जबकि दूसरे मैच में ब्रिस्बेन हीट और होबार्ट हरिकेंस आमने-सामने होंगे। मेलबर्न स्टार्स और मेलबर्न रेनेगेड्स के बीच होने वाले दोनों मेलबर्न डर्बी मुकाबले प्रतिष्ठित मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में खेले जाएंगे, जिसे लेकर क्रिकेट प्रशंसकों में खासा उत्साह है।




