लखनऊ। उप्र की राजनीति में सुभासपा अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर की सियासत को समझ पाना आसान नहीं है। लखनऊ में आज फिर राजभर का अलग ही रंग देखने को मिला। राष्ट्रपति चुनाव के लिए अपने विधायकों के साथ वोट डालकर निकले राजभर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक के साथ विक्ट्री साइन बनाते नजर आए।
उन्होंने कहा कि यह चुनाव एकरफा हो गया है। उसी दिन से एनडीए कैंडिडेट द्रौपदी मुर्मू के समर्थन की झड़ी लग लग गई जिस दिन मैंने अपने पत्ते खोले। उन्होंने यह भी कहा कि सपा से सुभासपा का गठबंधन आज भी है। अखिलेश यादव जब तक नहीं कह देंगे कि आप अपना देखो, हम अपना देखेंगे, तब तक हम उनके साथ हैं।
उन्होंने कहा राष्ट्रपति चुनाव के लिए वहां से न हमें बुलाया गया, न वोट मांगा गया तो जहां से बुलाया गया और वोट मांगा गया हम उन्हीं के साथ खड़े हो गए।
एक निजी चैनल से बात करते हुए ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि दिल्ली का रास्ता यूपी से होकर जाता है। आप यूपी की ही गिनती कर लीजिए। यूपी की गिनती में विपक्ष कहां खडा है। यह चुनाव एकतरफा हो गया है। सुभासपा के विधायक राष्ट्रपति के वोट डालने गेट नंबर 7 पर पहुंचे। अपना दल के विधायक भी आशीष पटेल के नेतृत्व में वोट डालने पहुंचे।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ओम प्रकाश राजभर के साथ आए। ब्रजेश पाठक ने कहा एक आदिवासी बहन भारी बहुमत से जीतने जा रही है। इसी बात को दोहराते हुए ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि दिल्ली जीत का रास्ता यूपी से होकर जाता है। दोनों ने विक्ट्री का निशान भी बनाया। राष्ट्रपति चुनाव के लिए सबसे पहले सीएम योगी आदित्यनाथ, दूसरे नंबर संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना औऱ तीसरे नम्बर पर धीरेंद्र सिंह ने वोट डाला।