लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गोरखपुर में दलितों के साथ खिचड़ी भोज किया। सीएम गोरखपुर के मानबेला के पीरू शहीद मुहल्ले में शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े बारह बजे दलित अमृत लाल भारती के घर पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने कुछ देर तक अमृत लाल से बातचीत की। इसके बाद उन्होंने बेहद सादगी से चटाई पर बैठकर खिचड़ी खाकर गोरखनाथ मंदिर की पुरानी परंपरा का निर्वहन किया। इसके साथ ही उन्होंने दलित के घर खाना खाकर सामाजिक समरसता का संदेश भी दिया।
उन्होंने विरोधियों को निशाने पर भी लिया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार जिनके जीन्स का हिस्सा हो, वे सामाजिक न्याय की लड़ाई नहीं लड़ सकते।उन्होंने कहा कि इस दलित बस्ती में सुशासन और विकास का संदेश देने और अस्पृश्यता की भावना को पूरी तरह समाप्त करने के संकल्प को पूरा करने के लिए आए हैं। समतामूलक समाज की स्थापना,भ्रष्टाचार मुक्त, अपराध मुक्त व्यवस्था यानी सुशासन का हिस्सा है।
उन्होंने कहा कि वंशवाद, और परिवारवाद की राजनीति करने वाले सामाजिक न्याय के समर्थक नहीं हो सकते। सामाजिक समरसता और न्याय की लड़ाई भाजपा ने लड़ी है। सामाजिक न्याय यह है कि शासन की योजनाओं का लाभ हर गरीब को मिले, हर तबके के लोगों को मिले, उनके साथ सामाजिक-आर्थिक भेदभाव न हो, और, यही भाजपा का मूल मंत्र है।