Top NewsUttar Pradesh

यूपीआईटीएस में गोरखपुरिया देसी स्वाद का भी जलवा

ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 सितंबर से आयोजित उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) में गोरखपुरिया देसी स्वाद का खूब जलवा दिख रहा है। यूपीआईटीएस के ‘फूड कोर्ट’ में गोरखपुर की ओडीओसी (एक जनपद एक व्यंजन) योजना में शामिल लिट्टी चोखा और लहसुन वाले छोले समोसे के ठेठ देसी स्वाद ने सबका दिल जीत लिया है। एक बार चखते ही विदेशी भी इसके स्वाद के मुरीद हो जा रहे हैं।

इंटरनेशनल ट्रेड शो के व्यस्त कारोबारी माहौल के बीच पारंपरिक व्यंजनों के स्वाद आगंतुकों को अपनी ओर खींच रहे हैं। गोरखपुर से ओडीओसी में शामिल दो व्यंजनों के स्टाल लगाए गए हैं। इनमें से मेसर्स बाटी चोखा के गंगाधर दूबे और मेसर्स चंद्रकेश हलवाई (चौरीचौरा) के चंद्रकेश प्रजापति ने लहसुन वाले छोले समोसे का स्टाल लगाया है। सत्तू भरी लिट्टी-चोखा और तीखे-चटपटे लहसुन वाले छोले समोसे के इन स्टाल लगातार खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ रही है। फोन पर हुई बातचीत में गंगाधर दूबे ने बताया कि देश के अलावा विदेश से आए आगंतुकों को भी लिट्टी चोखा का स्वाद लाजवाब लगा है। कई विदेशी तो दोबारा लिट्टी चोखा खाने स्टाल पर आ रहे हैं। शुक्रवार से लेकर रविवार तक, तीन दिन में करीब तीन लाख रुपये की बिक्री हो गई है। लिट्टी चोखा को ओडीओसी में शामिल करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए गंगाधर दूबे ने कहा कि सीएम योगी की पहल से देसी स्वाद अब वैश्विक पहचान हासिल कर रहा है।

यूपीआईटीएस में लहसुन वाले छोले समोसे का अनोखा चटकारा तो नया ट्रेंडसेटर साबित हो रहा है। इसका स्टाल लगाने वाले चंद्रकेश प्रजापति को जब तीन दिन के कारोबार का हाल जानने को फोन किया गया तो उन्होंने कहा, जल्दी बोलिए, स्टाल पर बहुत भीड़ है। उन्होंने बताया कि लहसुन वाले छोले समोसे की इतनी डिमांड है कि शुक्रवार से ही दम लेने की फुर्सत नहीं मिल रही है। चंद्रकेश ने कहा कि स्टाल पर आए कुछ लोगों ने उन्हें दिल्ली में दुकान खोलने का आग्रह किया है। चंद्रकेश के मुताबिक योगी सरकार की ओडीओसी योजना ने इस व्यंजन को कस्बे से उठाकर वैश्विक मंच उपलब्ध करा दिया है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH