Entertainment

‘ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ फेम कॉमेडियन ख्याली सहारन पर महिला से रेप का आरोप, पुलिस ने हिरासत में लिया

नई दिल्ली। ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ में नजर आ चुके मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन ख्याली सहारन पर 25 वर्षीया एक महिला से रेप का आरोप लगा है। महिला की शिकायत के आधार पर 15 मार्च को यहां मानसरोवर पुलिस थाने में हास्य कलाकार के खिलाफ मामला दर्ज किया और उन्हें हिरासत में लिया गया।

यह घटना सोमवार को उस समय हुई जब कॉमेडियन, (जो कि एक आप कार्यकर्ता हैं) ने मानसरोवर इलाके में एक होटल के कमरे में कथित तौर पर नौकरी पाने में मदद करने के बहाने महिला के साथ “नशे की हालत” में रेप किया। मानसरोवर पुलिस स्टेशन में तैनात सब-इंस्पेक्टर संदीप यादव ने कहा, “महिला द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के बाद कॉमेडियन के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 (बलात्कार) के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।”

पुलिस ने बताया कि श्रीगंगानगर की रहने वाली महिला एक फर्म में मार्केटिंग एक्जीक्यूटिव के तौर पर काम करती थी। करीब एक महीने पहले वह एक अन्य महिला के साथ काम के लिए मदद मांगने कॉमेडियन के संपर्क में आई थी। ख्याली ने एक होटल में दो कमरे बुक किए, एक अपने लिए और दूसरा दोनों महिलाओं के लिए। कॉमेडियन ने कथित तौर पर बीयर पी और महिलाओं से जबरन बीयर पीने को कहा। बाद में, महिलाओं में से एक कमरे से चली गई और उसने दूसरी महिला के साथ रेप किया।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH