NationalTop News

राज्यसभा उपसभापति पद पर हरिवंश नारायण सिंह लगातार तीसरी बार निर्विरोध निर्वाचित, पीएम मोदी ने की सराहना

संसद के विशेष सत्र के दूसरे दिन राज्यसभा में उपसभापति पद के लिए चुनाव संपन्न हुआ, जिसमें जदयू के वरिष्ठ नेता हरिवंश नारायण सिंह लगातार तीसरी बार इस पद पर निर्वाचित हुए। उनका चयन निर्विरोध हुआ, जो सदन का उनके प्रति गहरा विश्वास दर्शाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कई नेताओं ने उन्हें बधाई दी।

राज्यसभा में प्रधानमंत्री मोदी ने हरिवंश नारायण सिंह की कार्यशैली और नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनका तीसरी बार निर्वाचित होना सदन के भरोसे का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हरिवंश जी ने हमेशा सभी को साथ लेकर चलने का प्रयास किया है और अपने अनुभव से सदन की कार्यवाही को प्रभावी बनाया है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि हरिवंश न केवल सदन का कुशल संचालन करते हैं, बल्कि अपने अनुभव से उसकी कार्यक्षमता को भी समृद्ध करते हैं। उन्होंने 17 अप्रैल का उल्लेख करते हुए इसे पूर्व प्रधानमंत्री चन्द्रशेखर की जयंती से जोड़ते हुए कहा कि हरिवंश जी का उनसे विशेष जुड़ाव रहा है, जो इस अवसर को और खास बनाता है।

पीएम मोदी ने बताया कि हरिवंश नारायण सिंह का जन्म जयप्रकाश नारायण के गांव में हुआ और उनकी शिक्षा काशी में हुई। उन्होंने विद्यार्थियों और ग्रामीण विकास के प्रति उनके शुरुआती योगदान को भी रेखांकित किया। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि 2018 में उपसभापति बनने के बाद हरिवंश जी ने देशभर के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों में 350 से अधिक कार्यक्रमों में भाग लिया, जो उनकी सक्रियता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

अपने संबोधन के अंत में पीएम मोदी ने विश्वास जताया कि हरिवंश नारायण सिंह का नया कार्यकाल भी संतुलन, समर्पण और सकारात्मकता के साथ आगे बढ़ेगा, जिससे सदन की गरिमा और ऊंचाइयों तक पहुंचेगी। साथ ही उन्होंने हल्के अंदाज में कहा कि हरि की कृपा बनी रहनी चाहिए।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH