City NewsRegional

हरियाणा: जींद में रोडवेज बस और क्रूजर की आमने-सामने भिड़ंत, आठ की मौत

जींद। हरियाणा के जींद में शनिवार सुबह रोडवेज बस और क्रूजर की आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इस हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई और नौ गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा यहां बीबीपुर के पास जींद-भिवानी मार्ग पर हुआ।

जींद से भिवानी के लिए चली रोडवेज बस और मुंढाल से जींद की तरफ से आ रही क्रूजर की बीबीपुर के निकट आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई जबकि नौ लोग घायल हो गए।

घटना का पता चलते ही आसपास के लोग अपने वाहनों के माध्यम से घायलों को लेकर नागरिक अस्पताल जींद पहुंचे। सूचना पाकर डीएसपी रोहतास ढुल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।

हादसे की गंभीरता को देखते हुए अस्पताल में अतिरिक्त चिकित्सकों तथा स्वास्थ्य कर्मियों को आपातकालीन वार्ड में लगा दिया गया। अस्पताल के डिप्टी एमएस डॉ. राजेश भोला ने बताया कि हादसे की गंभीरता को देखते हुए चिकित्सकों की ड्यूटी लगा दी गई है। गंभीर मरीजों का उपचार किया जा रहा है, जबकि जो मृत हुए हैं उनके शवों को अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है। 6 मृतकों की पहचान हो गई है। जबकि दो की पहचान अभी नहीं हुई है।

मृतकों की पहचान

रवि पुत्र धर्मपाल वासी मदनहेडी उम्र 32 साल
मनोज पुत्र सतबीर वासी मुंढाल उम्र 45 साल
हरदीप पुत्र रामफल वासी मुंढाल उम्र 37 साल
सुखविंदर पुत्र रघुवीर वासी मुंडाल उम्र 30 साल
बिमला वासी भकलाना
संजय पुत्र शीशपाल वासी सीवैण

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH