RegionalTop News

हिमाचल: चल रही थी रामलीला, सिंहासन पर बैठे बैठे अचानक गिर पड़े ‘दशरथ’ और हो गई मौत

हिमाचल प्रदेश के चंबा में चल रही श्री रामलीला के मंचन के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। मंगलवार रात करीब 8:30 बजे, मंच पर राजा दशरथ की भूमिका निभा रहे 73 वर्षीय वरिष्ठ कलाकार अमरेश महाजन (उर्फ शिबू) की अचानक मौत हो गई।

अभिनय करते-करते गिरे मंच पर

चंबा के मोहल्ला मुगला निवासी अमरेश महाजन बीते करीब 40 वर्षों से चौगान मैदान में आयोजित हो रही ऐतिहासिक रामलीला में सक्रिय रूप से हिस्सा ले रहे थे। मंगलवार को रामलीला का दूसरा दिन था और मंच पर दशरथ दरबार का दृश्य चल रहा था। अचानक अमरेश सिंहासन पर बैठे-बैठे ही बेहोश होकर गिर पड़े।साथी कलाकार उन्हें तुरंत पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, चंबा लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने बताया कि उनकी मौत हृदय गति रुकने (कार्डियक अरेस्ट) से हुई।

“यह मेरी आखिरी रामलीला होगी”

स्थानीय लोगों ने बताया कि अमरेश महाजन दशरथ और रावण की भूमिका के लिए विशेष रूप से जाने जाते थे। इस बार उन्होंने साथियों से कहा था कि यह उनकी आखिरी रामलीला होगी। पहले सभी ने इसे मजाक समझा, लेकिन उनकी बात सच साबित हुई।अमरेश महाजन के निधन की खबर से चंबा में शोक की लहर है। रामलीला क्लब चंबा के अध्यक्ष स्वपन महाजन ने उनके योगदान को अमूल्य बताया। वहीं, व्यापार मंडल चंबा के अध्यक्ष वीरेंद्र महाजन ने भी गहरा दुख व्यक्त किया।बता दें कि चंबा में श्री रामलीला का आयोजन वर्ष 1949 से लगातार होता आ रहा है। इसकी नींव लाला संसार चंद महाजन ने पुत्र प्राप्ति की लालसा में डाली थी। तभी से चौगान मैदान में इस ऐतिहासिक मंचन की परंपरा चली आ रही है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH