Top NewsUttar Pradesh

बहराइच में भीषण सड़क हादसा: ट्रेलर, डीसीएम और पिकअप की टक्कर के बाद आग, दो चालकों की जिंदा जलकर मौत

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के थाना दरगाह क्षेत्र स्थित बाईपास रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर, डीसीएम और पिकअप की आपस में जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर और डीसीएम में तुरंत आग लग गई और देखते ही देखते दोनों वाहन आग के गोले में बदल गए।

हादसे के दौरान अंदर फंसे चालक मदद के लिए चीखते-चिल्लाते रहे, लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिल सका। इस हादसे में ट्रेलर चालक 50 वर्षीय जील लाल यादव, निवासी सिंधौरा, प्रयागराज की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। वहीं डीसीएम चालक का शव पूरी तरह जल जाने के कारण उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। हादसे में पिकअप चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही दरगाह थाना पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। हादसे के बाद बाईपास रोड पर लंबा जाम लग गया, जिसे पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद हटवाया।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH