हैदराबाद-बेंगलुरु हाईवे पर हादसा: रंगा रेड्डी जिले के शमशाबाद में एक कंटेनर ट्रक के बिजली के खंभे से टकराने के बाद सामने से आ रही बस भी हादसे का शिकार हो गई। बस ने कई वाहनों को टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे स्थित होटल और पान की दुकान में घुसकर तबाही मचा दी। हादसे में 50 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं।
पहले कंटेनर ट्रक बिजली के पोल से टकराया
तेलंगाना के रंगा रेड्डी जिले में शमशाबाद के पास बेंगलुरु-हैदराबाद नेशनल हाईवे पर एक के बाद एक वाहनों की टक्कर से अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हैदराबाद से बेंगलुरु की ओर जा रहा एक कंटेनर ट्रक डिवाइडर पर लगे बिजली के खंभे से टकरा गया। इसी दौरान सामने से आ रही सेवन हिल्स प्राइवेट ट्रैवल्स की बस भी उसी खंभे से जा भिड़ी।
बस ने चार वाहनों को मारी टक्कर, होटल में घुसी
बिजली के पोल से टकराने के बाद बस बेकाबू हो गई। उसने सड़क किनारे खड़ी मारुति अर्टिगा, मारुति ओमनी, मारुति स्विफ्ट और एक मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद बस बालाजी भवन होटल और उसके बगल में बनी पान की दुकान में जा घुसी। हादसे में कई वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा है।
होटल में जल रहा था चूल्हा, टक्कर के बाद लगी आग
बस के होटल में घुसने के वक्त अंदर चूल्हा जल रहा था। टक्कर के बाद अचानक आग भड़क उठी। हालांकि, मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
50 से ज्यादा घायल, बस ड्राइवर की हालत गंभीर
इस हादसे में 50 से अधिक लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इनमें ज्यादातर लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। बस चालक को गंभीर चोटें लगी हैं। मारुति अर्टिगा के ड्राइवर को भी चोट पहुंची है। पुलिस ने घायलों को अलग-अलग निजी अस्पतालों में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर भी हुआ दर्दनाक हादसा
इसी तरह का एक अन्य सड़क हादसा पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर जंभुलवाड़ी के पास सामने आया। जानकारी के मुताबिक, सतारा से पुणे की ओर जा रहा एक ट्रक आगे चल रहे टेम्पो से टकरा गया। टक्कर के बाद दोनों वाहन सड़क के दूसरी तरफ चले गए और वहां दो कारों से भिड़ गए। इस हादसे में कई वाहनों को नुकसान पहुंचा। पुलिस के अनुसार, करीब 12 घायलों को अस्पताल ले जाया गया था। इलाज के दौरान दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।




