NationalTop News

भारत बंद के दौरान पटना में जमकर हंगामा, पुलिस से भिड़े प्रदर्शनकारी, झारखंड में भी व्यापक असर

पटना। एससी-एसटी आरक्षण को लेकर आज भारत बंद है। आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति की इस बंद का कई पार्टियों ने समर्थन किया है। भारत बंद के दौरान सार्वजनिक परिवहन सेवाओं पर इसका असर पड़ता दिखाई दे रहा है। भारत बंद के दौरान पटना में जमकर हंगामा हुआ। यहां बंद समर्थक पुलिस से भिड़ गए। पुलिस ने बंद समर्थकों पर लाठीचार्ज किया है। बंद समर्थकों का जूलूस गांधी मैदान से आगे बढ़ रहा था। इसी बीच जेपी गोलंबर के पास बैरिकेडिंग की गई थी। लेकिन बंद समर्थकों ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और आगे बढ़ने लगे। पुलिस ने बैरिकेडिंग तोड़ने से रोकने की कोशिश की लेकिन बंद समर्थक आगे बढ़ते हुए डाक बंग्ला चौराहे तक पहुंच गए। हालात को काबू में करने के लिए और बंद समर्थकों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा।

झारखंड के हजारीबाग, धनबाद, चाईबासा, गिरिडीह, रांची और रामगढ़ सहित कई अन्य शहरों में व्यापक असर पड़ा है। बंद समर्थकों ने रांची-जमशेदपुर, रांची-पटना और गिरिडीह-रांची मार्ग में कई जगहों पर जाम लगाया है। गिरिडीह में कुछ ट्रेनों को भी रोका गया है। बंद को झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस ने भी समर्थन दिया है। हजारीबाग में सड़क पर उतरे बंद समर्थकों ने कई राहगीरों के साथ मारपीट भी की है। यहां रांची-पटना रोड को जाम कर दिया गया। शहर और कस्बों में दुकानें बंद करा दी गईं। बस स्टैंड से गाड़ियां नहीं खुलने दी गईं। पूर्वी सिंहभूम के बहरागोड़ा में झारखंड से बंगाल और ओडिशा को जोड़ने वाले हाईवे को जाम कर दिया गया है।

इन दोनों राज्यों से आवागमन पूरी तरह ठप है। जमशेदपुर शहर में एनएच 33 डिमना चौक व कांदरबेड़ा रोड को जाम कर दिया गया है। चाईबासा में बंद समर्थकों ने बाजार और दुकानें बंद करा दीं। यहां शहर में प्रवेश करने वाली सभी सड़कों को जाम कर दिया गया है। धनबाद जिले में भी भारत बंद का असर देखने को मिला है। यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। जगह-जगह बंद समर्थक ने सड़कों पर बैरिकेडिंग लगा दी है। रांची शहर में स्कूल बंद रखे गए हैं।

हरमू, दलादिली, कोकर चौक और मोरहाबादी में बैरिकेडिंग लगाकर एवं टायरों में आग लगाकर आवागमन रोका गया। रांची से लंबी दूरी की बसें भी नहीं खुलीं। सुरक्षा बलों की व्यापक पैमाने पर तैनाती की गई है। साहिबगंज जिले के बरहेट और बोरियो प्रखंडों में बंद का व्यापक असर है। बाजार बंद करा दिए गए हैं। रामगढ़ में रांची-पटना हाईवे पर जाम की वजह से वाहनों की लंबी कतार लगी है। यहां कुछ एंबुलेंस को भी रोके जाने की सूचना है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH