NationalTop News

ट्विशा शर्मा मौत मामले में पति समर्थ सिंह से SIT की लंबी पूछताछ, बोला- प्रेग्नेंसी के बाद रिश्तों में बढ़ गई थी खटास

नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के चर्चित ट्विशा शर्मा डेथ केस में जांच लगातार तेज होती जा रही है। केस अब सीबीआई को ट्रांसफर होने की प्रक्रिया में है, लेकिन उससे पहले भोपाल पुलिस की एसआईटी ने ट्विशा के पति समर्थ सिंह से तीन घंटे से ज्यादा समय तक पूछताछ की। पूछताछ में समर्थ ने दावा किया कि गर्भपात और प्रेग्नेंसी से जुड़े विवाद के बाद से ट्विशा मानसिक रूप से परेशान रहने लगी थीं।

सूत्रों के मुताबिक, समर्थ सिंह ने पुलिस को बताया कि शादी के शुरुआती दिनों में दोनों के रिश्ते सामान्य थे, लेकिन 17 अप्रैल के बाद हालात बदलने लगे। समर्थ का कहना है कि जब ट्विशा को अपनी प्रेग्नेंसी के बारे में पता चला, तभी से दोनों के बीच लगातार तनाव बढ़ने लगा था।

समर्थ ने पूछताछ में यह भी कहा कि ट्विशा खुद को ग्लैमर वर्ल्ड से जुड़ा मानती थीं और वह पारंपरिक घरेलू जीवन नहीं जीना चाहती थीं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। पूछताछ के दौरान समर्थ ने कई बार इस बात का भी जिक्र किया कि उन्होंने ट्विशा को 7 लाख रुपये दिए थे।

बेंगलुरु ट्रिप और बढ़ती दूरियां

समर्थ ने पुलिस को बताया कि अप्रैल में दोनों का साथ में बेंगलुरु जाने का प्लान था, लेकिन आखिरी समय पर ट्विशा ने जाने से मना कर दिया। समर्थ के मुताबिक, ट्विशा ने कहा था कि वह अजमेर अपने भाई के पास जा रही हैं, लेकिन बाद में पता चला कि वह सिर्फ एक दिन अजमेर में रहीं और फिर दिल्ली चली गईं। समर्थ का कहना है कि इस घटना के बाद दोनों के रिश्तों में और दूरी आ गई।

घटना वाली रात क्या हुआ?

12 मई की रात का जिक्र करते हुए समर्थ ने बताया कि उस दिन सबकुछ सामान्य था। दोनों ने साथ में डिनर किया, सोसाइटी के पार्क में टहलने गए और फिर घर लौटकर टीवी देखा। समर्थ के अनुसार, वह सोने चले गए थे, जबकि ट्विशा नीचे जाकर अपने परिवार से फोन पर बात कर रही थीं।

उन्होंने बताया कि देर रात उनकी मां ने उन्हें जगाया और कहा कि ट्विशा की मां का फोन आया है, क्योंकि ट्विशा कॉल रिसीव नहीं कर रही थीं। इसके बाद परिवार ने घर में तलाश शुरू की तो ट्विशा फंदे से लटकी मिलीं। समर्थ ने दावा किया कि उन्होंने और उनकी मां ने तुरंत ट्विशा को नीचे उतारकर सीपीआर दिया और भोपाल एम्स लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सीबीआई ने दर्ज की FIR

इस मामले में सीबीआई ने सोमवार को एफआईआर दर्ज कर औपचारिक रूप से जांच अपने हाथ में ले ली है। सुप्रीम कोर्ट की चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली बेंच ने मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का आदेश दिया था। सीबीआई ने ट्विशा शर्मा के पति समर्थ सिंह और उनकी सास के खिलाफ दहेज प्रतिषेध अधिनियम समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। जांच एजेंसी ने भोपाल में अपनी स्पेशल क्राइम यूनिट भी भेज दी है, जो मामले से जुड़े दस्तावेज और सबूत जुटाने में लगी हुई है।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH