नई दिल्ली। रूस ने जिस दिन यूक्रेन पर हमला किया था, उस दिन पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान रूस के दौरे पर थे। इसे लेकर इमरान की पाकिस्तान में काफी फजीहत भी हुई थी। अब पाकिस्तान में रूस के राजदूत दानिला गनिच ने इस बाबत सफाई दी है।
रूस के राजदूत ने कहा है कि यूक्रेन पर रूसी हमले के दिन पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की विवादास्पद यात्रा महज ‘इत्तेफाक’ थी। उन्होंने कहा कि अगर इमरान खान को पहले से इस बात की जानकारी होती, तो पूर्व प्रधानमंत्री कभी भी उस दिन रूस की यात्रा पर नहीं जाते।
गनिच ने रविवार को एक इंटरव्यू में कहा, “यह महज एक इत्तेफाक था। अगर इमरान खान को जानकारी होती, तो वह कभी उस दिन देश (रूस) की यात्रा नहीं करते।” गनिच से खान के उस दावे के संबंध में सवाल किया गया था कि उनकी रूस यात्रा के कारण उन्हें पद से हटाया गया।




