City NewsUttar Pradesh

मेरठ में छात्र के साथ हैवानियत, पिटाई कर चेहरे पर किया पेशाब, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

मेरठ। यूपी के मेरठ से छात्र के साथ हैवानियत का मामला सामने आया है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के मुताबिक, बदमाशों ने पहले छात्र को किडनैप किया, फिर बेरहमी से मारपीट की और उसके बाद चेहरे पर पेशाब भी किया। उन्होंने पूरी घटना का वीडियो बनाया, जिसके सामने आने के बाद पुलिस ने FIR दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मामला मेरठ के मेडिकल थाना इलाके का है। यहां कुछ युवकों ने अमानवीयता की सारी हदें पार कर दीं और एक छात्र के साथ जमकर मारपीट की। ये युवक यहीं नहीं रुके, बल्कि इन्होंने पीड़ित छात्र के ऊपर पेशाब भी की। इसके बाद छात्र को धमकाया गया कि अगर उसने कहीं शिकायत की तो वीडियो वायरल कर देंगे।

हालांकि इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस एक्टिव हो गई है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जाता है कि आरोपी पीड़ित के साथी हैं जिन्होंने पहले पीड़ित छात्र को अगवा किया और जागृति विहार एक्सटेंशन में ले जाकर पिटाई की। यहां आरोपियों ने छात्र के ऊपर पेशाब किया और वीडियो बना ली। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर छात्र को ब्लैकमेल किया जाने लगा।

छात्र के पिता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है, लेकिन आरोपियों पर हल्की धाराएं लगाने की बात सामने आ रही है। ये घटना 13 नवंबर की है । पिछले 13 दिन से मामले को दबाने की कोशिश की जाती रही है। अब वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

इस घटना में कुल पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जिनकी पहचान अवि शर्मा, आशीष मलिक, राजन, मोहित ठाकुर और एक अज्ञात के रूप में हुई है। पीड़ित छात्र का नाम रितिक चौधरी है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH