EntertainmentTop News

‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ ने बदली सुकृत देव की किस्मत, आलिया भट्ट ने कहा- ‘लीजेंड’

समय रैना के चर्चित शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के दूसरे सीजन का पहला एपिसोड 20 जून को यूट्यूब पर रिलीज होते ही चर्चा का विषय बन गया। शो में बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट और शरवरी वाघ बतौर पैनलिस्ट नजर आईं। हालांकि, इस एपिसोड का सबसे बड़ा आकर्षण बने मराठी थिएटर कलाकार सुकृत देव, जिन्होंने अपनी दमदार परफॉर्मेंस से सभी को प्रभावित कर दिया।

सुकृत देव ने मंच पर एक शराबी व्यक्ति का किरदार निभाया और अपनी शानदार एक्टिंग से दर्शकों के साथ-साथ पैनलिस्ट्स को भी हैरान कर दिया। खास बात यह रही कि परफॉर्मेंस खत्म होने के बाद भी उन्होंने अपना किरदार नहीं छोड़ा। यहां तक कि समय रैना और आलिया भट्ट के कहने पर भी वह लंबे समय तक अपने रोल में बने रहे। सुकृत की प्रस्तुति से प्रभावित होकर आलिया भट्ट ने सोशल मीडिया पर उनकी तारीफ की और उन्हें “लीजेंड” बताया। उन्होंने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए फैंस से भी सुकृत को प्यार और समर्थन देने की अपील की।

परफॉर्मेंस के बाद सुकृत ने कलाकारों के संघर्ष और जुनून पर आधारित एक भावुक कविता भी सुनाई। उनकी कविता सुनकर आलिया भट्ट, शरवरी वाघ समेत सभी पैनलिस्ट अपनी सीटों से खड़े हो गए और तालियों के साथ उनका सम्मान किया। इस दौरान सुकृत भावुक होकर रो पड़े, जिसके बाद कॉमेडियन बलराज घई ने मंच पर पहुंचकर उन्हें गले लगाया।

शो में सुकृत ने बताया कि वह पिछले छह वर्षों से मराठी थिएटर से जुड़े हुए हैं और कुछ टीवी शोज में छोटे-मोटे किरदार भी निभा चुके हैं। हालांकि, ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ में मिली पहचान ने उनकी जिंदगी बदल दी। एपिसोड प्रसारित होने के बाद उनके सोशल मीडिया फॉलोअर्स की संख्या करीब 8 हजार से बढ़कर 1.35 लाख से अधिक पहुंच गई। सुकृत देव ने भी एक वीडियो साझा कर समय रैना, शो के पैनलिस्ट्स और ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ की टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस मंच ने उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने और लाखों लोगों तक पहुंचने का मौका दिया।

=>
=>
loading...
BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH