लखनऊ। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने आज बाराबंकी में एक जनसभा को संबोधित किया। सीएम योगी ने कहा कि ‘जन कल्याण’ हेतु डबल इंजन की भाजपा सरकार सतत क्रियाशील है। इस दिशा में कार्य करते हुए हमने जनपद बाराबंकी में 2,97,184 लाभार्थियों को आयुष्मान भारत-गोल्डन कार्ड, 4,40,920 पात्रजन को ‘इज्जत घर’ व 55,528 परिवारों को आवास, 5,45,195 किसानों को ‘PM किसान सम्मान निधि’ प्रदान की है। डबल इंजन की भाजपा सरकार ने ‘अंत्योदय’ के प्रण के साथ विगत 5 वर्षों में जनपद बाराबंकी में 1,40,141 वृद्धजन, 18‚665 दिव्यांगजन और 58,886 निराश्रित महिलाओं को वार्षिक ₹12,000 पेंशन की सुविधा से आच्छादित किया है। हमारी सरकार में जन-जन का जीवन संवर रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की डबल इंजन की सरकार समग्र समाज के उत्थान व उन्नयन हेतु संकल्पित है।@UP_ODOP में चयनित जनपद बाराबंकी के वस्त्र उत्पाद को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है। स्थानीय उत्पाद एवं हस्तकला का हमारी सरकार ने संरक्षण एवं संवर्धन किया है। डबल इंजन की भाजपा सरकार के नियोजित प्रयासों से उत्तर प्रदेश,देश में औद्योगिक निवेश का उत्कृष्ट गंतव्य बनकर उभरा है। भारत सरकार की ईज ऑफ डूइंग बिजनेस रैंकिंग में उत्तर प्रदेश 2017 के मुकाबले 12 पायदान की छलांग के साथ आज दूसरे स्थान पर है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश प्रगति-पथ पर अग्रसर है। बाराबंकी में स्थापित हो रहीं औद्योगिक इकाइयों ने हजारों युवाओं के सेवायोजन का मार्ग प्रशस्त किया है। वैश्विक कंपनी कोकाकोला ने यहां ₹800 करोड़ के निवेश से एशिया का सबसे बड़ा बॉटलिंग प्लांट स्थापित किया है, तो ब्रिटेनिया ₹850 करोड़ निवेश से बेकरी उत्पाद इकाई स्थापित कर रही है।




