Indian Premier League के 70 रोमांचक लीग मुकाबलों के बाद अब बारी प्लेऑफ की सबसे बड़ी भिड़ंत की है। मौजूदा चैंपियन Royal Challengers Bengaluru और 2022 की विजेता Gujarat Titans 26 मई को धर्मशाला में खेले जाने वाले क्वालिफायर-1 में आमने-सामने होंगी। इस मुकाबले की विजेता टीम सीधे फाइनल में प्रवेश करेगी।
दोनों टीमों ने लीग स्टेज का समापन 18-18 अंकों के साथ किया, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के आधार पर RCB अंक तालिका में शीर्ष पर रही। ऐसे में दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला बेहद कांटे का माना जा रहा है। इस सीजन RCB और गुजरात टाइटंस के बीच खेले गए दो मुकाबलों में दोनों टीमों ने एक-एक जीत दर्ज की है। वहीं IPL इतिहास में भी दोनों के बीच मुकाबला बराबरी का रहा है और दोनों टीमों ने चार-चार मैच जीते हैं।
कप्तान रजत पाटीदार की अगुआई में RCB ने पूरे सीजन शानदार प्रदर्शन किया है। टीम की बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभाग संतुलित नजर आए हैं। दूसरी ओर गुजरात टाइटंस की बल्लेबाजी काफी हद तक शीर्ष क्रम पर निर्भर रही है, लेकिन उनकी गेंदबाजी इकाई ने कई अहम मौकों पर टीम को जीत दिलाई है।
RCB को लीग स्टेज में मिली पांच हारों में से एक हार गुजरात टाइटंस के खिलाफ मिली थी। हालांकि बाद में बेंगलुरु ने वापसी करते हुए दूसरे मुकाबले में गुजरात को हराकर हिसाब बराबर कर लिया था। दोनों टीमें अपने दूसरे IPL खिताब की तलाश में हैं। RCB लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने का सपना देख रही है, जबकि गुजरात टाइटंस 2022 के बाद फिर से ट्रॉफी जीतना चाहती है।
धर्मशाला के मौसम ने बढ़ाई चिंता
क्वालिफायर-1 से पहले मौसम सबसे बड़ा चर्चा का विषय बना हुआ है। धर्मशाला में मैच के दौरान तापमान 18 से 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जो इस सीजन के अन्य IPL वेन्यू की तुलना में काफी ठंडा माना जा रहा है। मौसम विभाग और एक्यूवेदर रिपोर्ट के अनुसार मैच के दौरान करीब 25 प्रतिशत बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि राहत की बात यह है कि फिलहाल पूरे 40 ओवर का मुकाबला होने की उम्मीद बनी हुई है।




