InternationalTop News

इजरायली सेना ने हमास नेता मोहम्मद सिनवार को मार गिराया, प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने दी जानकारी

यरूशलम: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने बुधवार को संसद को संबोधित करते हुए बताया कि इजरायली सुरक्षा बलों ने हमास के वरिष्ठ कमांडर मोहम्मद सिनवार को एक सैन्य अभियान में मार गिराया है। मोहम्मद सिनवार हमास के शीर्ष नेता याह्या सिनवार का छोटा भाई था।

प्रधानमंत्री ने अपने बयान में कहा कि याह्या सिनवार की मौत के महीनों बाद अब उसका भाई मोहम्मद भी मारा गया है, जो हमास का एक महत्वपूर्ण चेहरा बन चुका था। सूत्रों के अनुसार, इजरायली डिफेंस फोर्स (IDF) ने गाजा के राफा इलाके में एक अभियान के दौरान मोहम्मद सिनवार को निशाना बनाया। करीब एक घंटे तक चली मुठभेड़ के बाद मोहम्मद को सिर में गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि याह्या सिनवार, जिसने 7 अक्तूबर, 2023 को इजरायल पर बड़े हमले की साजिश रची थी, उसकी भी पहले ही मौत हो चुकी है। उस हमले में 1,200 से अधिक लोगों की जान गई थी, जिनमें कई मासूम बच्चे और महिलाएं शामिल थीं।

7 अक्टूबर का हमला और गाजा युद्ध

हमास द्वारा किए गए इस हमले के बाद इजरायल ने गाजा पट्टी में व्यापक सैन्य अभियान शुरू किया। इजरायल का कहना है कि वह तब तक यह अभियान जारी रखेगा जब तक हमास की आतंकवादी क्षमता पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाती।

हमले में बंधक बनाए गए लोगों, यौन हिंसा की घटनाओं और नागरिकों की निर्मम हत्याओं ने पूरी दुनिया को झकझोर दिया था। इसके बाद से IDF लगातार हमास के बड़े नेताओं को निशाना बना रही है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH