RegionalTop News

‘मुझे दूसरी जिंदगी मिल गई…’, पीएम मोदी को गाली देने वाली लड़की का नया वीडियो वायरल; बोली- माफी की उम्मीद नहीं थी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर विवादों में आई 15 वर्षीय किशोरी का एक और वीडियो सामने आया है। इस वीडियो में वह कहती दिखाई दे रही है कि प्रधानमंत्री की ओर से माफ किए जाने की बात उसके लिए किसी “दूसरी जिंदगी” से कम नहीं है। साथ ही उसने स्वीकार किया कि उसे कभी उम्मीद नहीं थी कि इतनी बड़ी गलती के बाद उसे क्षमा मिल पाएगी।

वीडियो में किशोरी कहती है कि जब उसे पता चला कि प्रधानमंत्री ने उसे माफ कर दिया है तो वह भावुक हो गई। उसके मुताबिक, जिस व्यक्ति के बारे में उसने गलत शब्दों का इस्तेमाल किया था, उसी की ओर से क्षमा मिलना उसके लिए सबसे बड़ी बात है। उसने कहा कि अपनी गलती का उसे अब गहरा पछतावा है और वह इस घटना से सबक लेकर आगे बढ़ना चाहती है।

पहले भी जारी कर चुकी है माफी का वीडियो

इससे पहले भी किशोरी का एक वीडियो सामने आया था, जिसमें उसने देशभर के लोगों से हाथ जोड़कर माफी मांगी थी। उस वीडियो में उसने कहा था कि वह अपनी हरकत पर शर्मिंदा है और अपनी उम्र को लेकर भी सफाई दी थी। उसने दावा किया था कि वह 15 साल की है, जबकि उसके खिलाफ दर्ज एफआईआर में उम्र 25 वर्ष दर्ज होने की चर्चा हुई थी।

CJP प्रदर्शन के दौरान हुई थी विवादित टिप्पणी

पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान किशोरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित तौर पर आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी की थी। इस मामले में गाजियाबाद निवासी और सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता स्मृति सिंह की शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू की गई।

शिकायत में आरोप लगाया गया कि किशोरी की टिप्पणी से प्रधानमंत्री के संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुंची और इससे सामाजिक तनाव फैलने की आशंका पैदा हुई। इसके बाद नोएडा पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

बीएनएस की धाराओं में दर्ज हुआ मामला

नोएडा पुलिस ने किशोरी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 352, 353(1) और 356(1) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, मामले की जांच जारी है और उपलब्ध वीडियो व अन्य डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

उधर, किशोरी के नए वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। वहीं, पूरे मामले को लेकर जांच एजेंसियां अपने स्तर पर कानूनी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH