इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने जय शाह को एक बार फिर अपना चेयरमैन चुन लिया है। वह लगातार दूसरी बार इस पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। बाली में आयोजित आईसीसी बोर्ड और कमिटी की बैठक में सभी निदेशकों ने उनके नाम का समर्थन किया। किसी अन्य उम्मीदवार के मैदान में नहीं होने के चलते जय शाह का दोबारा चुनाव निर्विरोध हुआ।
आईसीसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए इसकी आधिकारिक जानकारी दी। बोर्ड ने कहा कि जय शाह को दूसरे कार्यकाल के लिए चुनने का फैसला उनके नेतृत्व में भरोसे को दर्शाता है। साथ ही, क्रिकेट के बदलते स्वरूप और वैश्विक स्तर पर खेल के विस्तार के लिहाज से इसे अहम कदम माना जा रहा है।
क्रिकेट को दुनियाभर में आगे बढ़ाना प्राथमिकता: जय शाह
दोबारा चेयरमैन चुने जाने पर जय शाह ने खुशी जाहिर करते हुए इसे अपने लिए सम्मान के साथ बड़ी जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा कि क्रिकेट को वैश्विक स्तर पर मजबूत बनाने के लिए आईसीसी के सभी सदस्य देशों के साथ मिलकर काम करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
जय शाह के मुताबिक, मौजूदा समय क्रिकेट के लिए काफी महत्वपूर्ण है। साल 2028 में लॉस एंजिलिस ओलंपिक में क्रिकेट की वापसी से इस खेल को नए दर्शकों तक पहुंचाने का बड़ा अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य केवल बड़े टूर्नामेंट आयोजित करना नहीं, बल्कि क्रिकेट के भविष्य को बेहतर और मजबूत बनाना भी है।
इसके लिए खिलाड़ियों, प्रशंसकों, बिजनेस पार्टनर्स और क्रिकेट से जुड़े सभी पक्षों के हितों को ध्यान में रखते हुए काम किया जाएगा। आईसीसी की कोशिश खेल का दायरा बढ़ाने के साथ-साथ इसके लिए नए व्यावसायिक अवसर तैयार करने की भी होगी।
36 साल की उम्र में संभाली थी ICC चेयरमैन की जिम्मेदारी
जय शाह ने साल 2024 में पहली बार आईसीसी चेयरमैन का पद संभाला था। उन्होंने न्यूजीलैंड के ग्रेग बार्कले की जगह ली थी। उस समय उनकी उम्र महज 36 साल थी। इसके साथ ही वह आईसीसी के इतिहास में सबसे कम उम्र के चेयरमैन बन गए थे। जय शाह से पहले चार अन्य भारतीय भी आईसीसी के शीर्ष पद पर अपनी जिम्मेदारी निभा चुके हैं। इनमें जगमोहन डालमिया, शरद पवार, एन. श्रीनिवासन और शशांक मनोहर के नाम शामिल हैं। गौरतलब है कि साल 2015 से पहले आईसीसी के इस शीर्ष पद को ‘प्रेसिडेंट’ कहा जाता था। बाद में संगठनात्मक बदलाव के तहत इसका नाम बदलकर ‘चेयरमैन’ कर दिया गया। अब दूसरे कार्यकाल के लिए चुने जाने के बाद जय शाह के सामने क्रिकेट को और अधिक देशों तक पहुंचाने तथा वैश्विक स्तर पर इसकी लोकप्रियता बढ़ाने की चुनौती होगी।




