पटना। जेडीयू में इन दिनों सियासी हलचल तेज है। एक ओर नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की चर्चाओं ने राजनीतिक माहौल गरमा दिया है, वहीं दूसरी ओर पार्टी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है।
जेडीयू द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए 22 मार्च को नामांकन दाखिल किए जाएंगे। 23 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 24 मार्च नाम वापसी की अंतिम तिथि तय की गई है। यदि एक से अधिक उम्मीदवार मैदान में होते हैं तो 27 मार्च को मतदान कराया जाएगा। वहीं, यदि केवल एक ही नामांकन होता है तो नाम वापसी के दिन ही अध्यक्ष के नाम की औपचारिक घोषणा कर दी जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार का दोबारा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना लगभग तय माना जा रहा है। वे इससे पहले 29 दिसंबर 2023 को इस पद पर काबिज हुए थे।
हाल ही में सहरसा दौरे के दौरान नीतीश कुमार ने साफ किया था कि वे बिहार से दूर नहीं जा रहे हैं और राज्य के विकास के लिए काम करते रहेंगे। इस बीच उनके बेटे निशांत कुमार की राजनीति में एंट्री को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं और उन्हें संगठन में बड़ी जिम्मेदारी मिलने की संभावना जताई जा रही है।
नीतीश कुमार के संभावित राज्यसभा जाने की खबरों से जेडीयू कार्यकर्ताओं में नाराजगी भी देखने को मिली थी। कुछ जगहों पर विरोध और निराशा की खबरें सामने आईं, हालांकि इस फैसले के पीछे की स्पष्ट वजह अब तक सामने नहीं आई है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद छोड़ते हैं, तो पार्टी में उनकी भूमिका को मजबूत बनाए रखने के लिए उन्हें राष्ट्रीय अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है। फिलहाल बिहार की राजनीति में आगे क्या बदलाव होंगे, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।




