बॉलीवुड अभिनेत्री रवीना टंडन के परिवार से जुड़ा चोरी और विश्वासघात का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। मुंबई के जुहू स्थित उनकी मां वीना टंडन के घर से करीब 25 लाख रुपये मूल्य की सोने-हीरे की ज्वेलरी और महंगी घड़ियां चोरी होने के मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला परिवार की भरोसेमंद सहयोगी मानी जाती थी और कई वर्षों से उनके संपर्क में थी। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला की पहचान 47 वर्षीय राशि छाबड़िया के रूप में हुई है, जो खार इलाके की निवासी है। वह वर्ष 2020 से वीना टंडन की देखभाल का काम कर रही थी और इसी कारण उसका टंडन परिवार के घर में नियमित आना-जाना था।
जुहू पुलिस के मुताबिक, शिकायत रवीना टंडन के भाई और फिल्ममेकर राजीव टंडन ने दर्ज कराई थी। राजीव टंडन ने बताया कि अगस्त 2025 में उनके घर में रेनोवेशन का काम चल रहा था, जिसके चलते कई कीमती सामान सुरक्षित रखने के लिए अन्य स्थान पर भेज दिए गए थे। हालांकि, उनकी मां के आभूषण घर की दूसरी मंजिल पर स्थित एक अलमारी की तिजोरी में रखे गए थे। बाद में जांच के दौरान पता चला कि तिजोरी से गहने और अन्य कीमती सामान गायब हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस को राशि छाबड़िया पर संदेह हुआ। आरोप है कि उसने परिवार का विश्वास जीतने के बाद तिजोरी तक पहुंच बनाई और वहां से लाखों रुपये के गहने तथा घड़ियां चोरी कर लीं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने शुरुआत में चोरी में शामिल होने से इनकार किया, लेकिन सबूत सामने आने पर उसके बयान बदल गए। जांच के दौरान चोरी की गई कुछ महंगी घड़ियां बरामद कर ली गई हैं, जबकि ज्वेलरी की तलाश अभी जारी है।फिलहाल पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि चोरी किए गए गहनों को कहां और किसे बेचा गया। मामले की जांच जारी है।




