Top NewsUttar Pradesh

झांसी की पहली महिला ऑटो ड्राइवर की गोली मारकर हत्या, दो गिरफ्तार, मुख्य आरोपी पर ₹25 हजार का इनाम

उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। जिले की पहली महिला ऑटो ड्राइवर अनीता चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शुरुआती तौर पर इस मामले को सड़क हादसा माना गया था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद खुलासा हुआ कि अनीता की मौत गोली लगने से हुई है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।

नवाबाद थाना क्षेत्र के तालपुरा निवासी 40 वर्षीय अनीता चौधरी का शव रविवार देर रात स्टेशन रोड पर मिला था। घटनास्थल के पास उनका ऑटो पलटा हुआ पड़ा था, जिससे पुलिस ने पहले इसे एक्सीडेंट का मामला मानते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि, शाम को आई पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस जांच की दिशा बदल गई।

पुलिस ने मृतका के पति की तहरीर पर अनीता के पूर्व परिचित मुकेश झा, उसके बेटे शिवम और रिश्तेदार मनोज झा के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने शिवम और मनोज झा को हिरासत में ले लिया है, जबकि मुख्य आरोपी मुकेश झा की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित की गई हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने मुकेश झा पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।

एसएसपी के अनुसार, अनीता और मुकेश झा के बीच पिछले कई वर्षों से दोस्ती थी और दोनों कुछ समय तक साथ भी रहे थे। बाद में उनके संबंध खराब हो गए थे। अनीता की बहन ने आरोप लगाया है कि मुकेश काफी समय से अनीता को परेशान कर रहा था और उसे धमकियां भी दे रहा था।

गौरतलब है कि अनीता चौधरी ने करीब पांच साल पहले परिवार का पालन-पोषण करने के लिए लोन लेकर ऑटो खरीदा था। वह दिन-रात मेहनत कर अपने परिवार की जिम्मेदारी निभा रही थीं। उनके साहस और आत्मनिर्भरता की सराहना करते हुए तत्कालीन डीआईजी जोगेंद्र कुमार ने उन्हें सम्मानित भी किया था। इस घटना ने पूरे जिले को झकझोर कर रख दिया है।

BRIJESH SINGH
the authorBRIJESH SINGH