IPL 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेले गए मुकाबले में एक अनोखा नजारा देखने को मिला, जहां सिर्फ एक विकेट लेने वाले गेंदबाज को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। RCB ने शानदार प्रदर्शन करते हुए LSG को 5 विकेट से हरा दिया, लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा टीम के स्टार तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड की रही।
हेजलवुड ने भले ही सिर्फ एक विकेट लिया, लेकिन उनकी कसी हुई गेंदबाजी ने मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने अपने 4 ओवर के स्पेल में महज 20 रन खर्च किए और 7वें ओवर की पहली गेंद पर खतरनाक बल्लेबाज निकोलस पूरन को सिर्फ 1 रन पर आउट कर दिया। उनकी इसी प्रभावी और किफायती गेंदबाजी के चलते उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। दूसरी ओर, रसिख सलाम डार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 24 रन देकर 4 विकेट झटके, जो उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। वहीं भुवनेश्वर कुमार ने भी 3 विकेट हासिल किए, लेकिन इसके बावजूद हेजलवुड का प्रभाव ज्यादा निर्णायक साबित हुआ।
इस सीजन में RCB के लिए अलग-अलग खिलाड़ी चमकते नजर आ रहे हैं। टीम के लिए पहले मैच में जैकब डफी, फिर टिम डेविड, तीसरे मुकाबले में फिल सॉल्ट और अब जोश हेजलवुड प्लेयर ऑफ द मैच बन चुके हैं। 2025 से अब तक RCB के 10 अलग-अलग खिलाड़ी यह अवॉर्ड जीत चुके हैं, जो किसी भी टीम के लिए एक रिकॉर्ड है।
मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम कभी भी लय में नहीं दिखी। मिचेल मार्श (40) और आयुष बडोनी (38) के अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल पाया और पूरी टीम 146 रन पर सिमट गई, जो इस सीजन का उनका सबसे कम स्कोर है। कप्तान ऋषभ पंत एक बार फिर फ्लॉप रहे और सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। गेंदबाजी में लखनऊ के प्रिंस यादव ने 3 विकेट लिए, जबकि आवेश खान ने 4 ओवर में 23 रन देकर 2 विकेट झटके। हालांकि, बाकी गेंदबाजों का प्रदर्शन निराशाजनक रहा, जिसका फायदा उठाते हुए RCB ने लक्ष्य को आसानी से हासिल कर लिया।




