लखनऊ। राजधानी में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। पेपर मिल तिराहे के पास तेज रफ्तार बाइक ने साइकिल सवार को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद बाइक सवार अज्ञात युवक मौके से फरार हो गए।
घायल व्यक्ति की पहचान दिलीप कुमार के रूप में हुई है, जो कि दैनिक जागरण में कार्यरत हैं। उन्होंने इस घटना की लिखित शिकायत महानगर थाना में दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार, घटना 5 अक्टूबर 2025 की सुबह करीब 4:15 बजे की है, जब दिलीप कुमार रात की ड्यूटी खत्म कर साइकिल से घर लौट रहे थे।
पेपर मिल तिराहे के पास अचानक पीछे से एक बाइक पर सवार दो से तीन युवकों ने तेज रफ्तार और लापरवाही से उनकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दिलीप कुमार सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर व शरीर पर गंभीर चोटें आईं। हादसे में उनका मोबाइल फोन टूट गया और उनके पास रखे रुपये भी बिखर गए।
दिलीप कुमार ने पुलिस से अनुरोध किया है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की जाए। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, हालांकि जांच फिलहाल केवल औपचारिकता तक ही सीमित दिखाई दे रही है।




